लघु उद्योगों के विकास एवं व्यापार के लिए बजट सराहनीय : नरेश कुच्छल

उत्तरप्रदेश न्यूज़ डेस्क। नोएडा। राजेश शर्मा । उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल, नोएडा के चेयरमैन नरेश कुच्छल ने उत्तरप्रदेश विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं वित्तमंत्री सुरेश खन्ना द्वारा पेश किये गये बजट कोव्यापारियों के हित में सराहनीय बताया है। इस बजट में मुख्यमंत्री द्वारा औद्योगिक क्षेत्र के विस्तारीकरण एवं नये रोजगार के लिए कई योजनायें प्रस्तावित की गयी हैं।

नरेश कुच्छल ने बताया कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम सेक्टर की योजनाओं के लिए 3822 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की गयी है। इससे लगभग 3.11 करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने कहा, प्रदेश में एम.एस.एम.ई. उद्योगों को प्रोत्साहन प्रदान करने के उद्देश्य से 575 करोड़ रुपये की व्यवस्था का प्रस्ताव किया गया है।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान हेतु 1000 करोड़ रुपये से प्रतिवर्ष । लाख सूक्ष्म उद्यमों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है। ‘एक जनपद एक व्यंजन’ जो एक नई योजना है के लिए 75 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है।

उन्होंने बताया कि हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग की योजनाओं के लिए लगभग 5041 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है। जबकि वित्तीय वर्ष 2026-2027 में वस्त्रोद्योग के क्षेत्र में तीस हजार रोजगार बढ़ेगें। प्रदेश को गारमेंट हब बनाने हेतु पी.एम. मित्र पार्क योजना के अंतर्गत विश्वस्तरीय मेगा टेक्सटाइल पार्क की स्थापना करायी जायेगी। इससे प्रदेश के महानगरों में व्यापार और रोजगार में बढ़ोत्तरी होगी।

श्री कुच्छल ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना’ के अंतर्गत वर्ष 2026-2027 में 800 इकाइयों को 40 करोड़ रुपये बैंक ऋण से नये उद्यम स्थापित कराकर सोलह हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा, कुल मिलाकर यह बजट व्यापारियों एवं लघु उद्योगों को नई दिशा दे सकेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.