भिवानी कोर्ट में फायरिंग के बाद सुरक्षा सख्त: अवैध रास्ते बंद, अब मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही मिलेगा प्रवेश

भिवानी जिला न्यायालय में फायरिंग की घटनाओं के बाद प्रशासन ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। अधिवक्ता चैंबर्स के अवैध कट बंद कर दिए गए हैं और अब गेट नंबर 1 व 2 पर मेटल डिटेक्टर व CCTV से सघन निगरानी की जा रही है।

भिवानी। फायरिंग की घटनाओं के बाद तहसील कार्यालय के उपरांत अब जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ता चैंबर्स की ओर दीवारों में बनाए गए अवैध कटों को बंद कर दिया गया है। अब आमजन और अधिवक्ताओं का प्रवेश केवल जिला न्यायालय के गेट नंबर एक और दो से ही होगा, जहां मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी।

पिछले पांच माह के दौरान जिला न्यायालय में दो बार फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क हुआ। हाई कोर्ट के जज के निरीक्षण के बाद लघु सचिवालय के एलआईसी रोड की ओर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। अधिवक्ता चैंबर्स की तरफ वाहन पार्किंग क्षेत्र से दीवारों में बनाए गए अवैध रास्तों और कटों को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। अब जिला न्यायालय परिसर में कामकाज के लिए आने वाले लोगों को निर्धारित गेटों से ही प्रवेश करना होगा। दोनों गेटों पर मेटल डिटेक्टर से जांच की व्यवस्था की गई है।

वाहन पार्किंग से अधिवक्ता चैंबर्स के अंदर जाने वाले मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से हर आने-जाने वाले की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा के ये प्रबंध पुलिस प्रशासन की ओर से किए गए हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

अधिवक्ता चैंबर्स परिसर की तरफ की बाहरी दीवार में बनाए गए छोटे रास्ते और कटों को पूरी तरह से बंद करा दिया गया है। अब जिला न्यायालय का गेट नंबर एक और गेट नंबर दो से ही सभी आम लोगों का प्रवेश सुनिश्चित रहेगा। अधिवक्ता भी इन्हीं रास्तों से कोर्ट के अंदर दाखिल होंगे। पुलिस की भी यहां चेकिंग अब नियमित की गई है, जो सुरक्षा की दृष्टि से बेहतर कदम है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.