Haryana Budget 2026: भिवानी को बड़ी सौगात! तोशाम में बनेगी IMT, लोहारू को महिला थाना और खारी जमीन सुधार के लिए मिला भारी बजट

हरियाणा बजट 2026 में भिवानी के लिए घोषणाओं की झड़ी! तोशाम में IMT की स्थापना, लोहारू में महिला पुलिस थाना, लवणीय भूमि सुधार और धान छोड़ने वाले किसानों को ₹2,000 अतिरिक्त बोनस। जानें भिवानी मेडिकल कॉलेज और स्कूलों के लिए क्या है खास।

भिवानी। हरियाणा के बजट में भिवानी जिले को कई बड़ी सौगातें मिली हैं। इसमें तोशाम क्षेत्र में आईएमटी स्थापित करने, लोहारू क्षेत्र में महिला पुलिस थाना व रेस्ट हाउस निर्माण का मसौदा, लवणीय भूमि के पुनर्जीवन का प्रावधान किया गया है।

इसके साथ ही जिला कारागार के समीप पेट्रोल पंप की शुरुआत, दोहरी शिफ्ट में चल रहे सरकारी स्कूलों को एकल शिफ्ट में लाने के प्रभावी कदम तथा चिकित्सा क्षेत्र में कैथ लैब की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं। सरकार ने बजट के माध्यम से हर वर्ग को साधने का प्रयास किया है।

लवणीय/नमकीन भूमि के सुधार के लिए पिछले बजट में निर्धारित एक लाख एकड़ लक्ष्य में से लगभग 92 हजार एकड़ भूमि के सुधार का कार्य किया जा रहा है। वर्ष 2026-27 में भिवानी, रोहतक, गुरुग्राम व अन्य जिलों में अतिरिक्त एक लाख 40 हजार एकड़ भूमि को खेती योग्य बनाने का प्रस्ताव रखा गया है।

मेरा पानी-मेरी विरासत योजना के तहत धान की खेती छोड़ने वाले किसानों को पिछले वर्ष आठ हजार रुपये प्रति एकड़ की अनुदान राशि दी गई थी। वर्ष 2026-27 में जो किसान धान छोड़कर दालें, तिलहन और कपास उगाएंगे, उन्हें भी प्रति एकड़ दो हजार रुपये बोनस देने का प्रस्ताव है। इसके अलावा 2026-27 में भिवानी जिले में नए आरसीसी टैंक निर्माण की घोषणा भी की गई है।

जिले में दोहरी शिफ्ट में संचालित सरकारी स्कूलों को एकल शिफ्ट में लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। चिकित्सा क्षेत्र में भिवानी जिलावासियों को कैथ लैब की स्थापना से लाभ मिलेगा। पिछले वर्ष मेडिकल कॉलेज में 100 सीटों पर दाखिला शुरू करने का प्रावधान किया गया था। वहीं खिलाड़ियों के लिए प्रत्येक जिले में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक निर्माण की घोषणा की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.