Manesar Fire: मानेसर के स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग; 4 घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू, मची अफरातफरी
गुड़गांव के मानेसर स्थित कांकरौला गांव के एक स्क्रैप गोदाम में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। दमकल की आधा दर्जन गाड़ियों और जेसीबी की मदद से 4 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। प्लास्टिक और फाइबर के कारण आग तेजी से फैली। जानें ताजा अपडेट।
गुड़गांव : हरियाणा के मानेसर के गांव कांकरौला के स्क्रैप गोदाम में आज सुबह भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल की गाड़ियों ने 4 घंटे से भी ज्यादा तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि अभी यह पता नहीं लग पाया है कि आग लगने के पीछे क्या कारण रहे हैं।
दमकल अधिकारी ललित वर्मा ने बताया कि सुबह दमकल विभाग को पौने 7 बजे सूचना मिली थी कि गांव कांकरौला आईएमटी सेक्टर-5 में स्थित एक स्क्रैप गोदाम में आग लग गई है। यहां प्लास्टिक, फाइबर सहित अन्य ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैल रही है। इस सूचना पर मानेसर के साथ-साथ सेक्टर-37, सेक्टर-29 सहित मारुति से दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। यहां जब दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया तो प्लास्टिक के कारण पानी नीचे नहीं जा पा रहा था। ऐसे में कुछ ही देर में आग दोबारा तेज होने लगी। इस पर दमकल कर्मियों व अधिकारियों ने जेसीबी को मौके पर बुलाया। जेसीबी की मदद से सामान को हटवाया गया और आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों की मानें तो आग लगने के कारण पता नहीं लग पाए हैं। जांच के बाद ही सामने आएगा कि आग लगने के क्या कारण थे। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।