Ambala News: अंबाला के महावीर पार्क में मेडिकल छात्रा ने तालाब में लगाई छलांग; होमगार्ड के जवानों ने जान पर खेलकर बचाया
अंबाला शहर के महावीर पार्क में कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की एक छात्रा ने अचानक तालाब में छलांग लगा दी। मौके पर तैनात होमगार्ड के जवानों ने साहस दिखाते हुए छात्रा को डूबने से बचाया। पुलिस अब छात्रा द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के कारणों की जांच कर रही है।
अंबाला : अंबाला शहर के प्रसिद्ध महावीर पार्क में लोग टहल रहे थे, तभी अचानक एक युवती ने तालाब के गहरे पानी में छलांग लगा दी। मंजर खौफनाक था और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह डूबने लगी। लेकिन गनीमत रही कि अग्रसेन चौंक पर सुरक्षा में तैनात होमगार्ड के जवानों की नजर उस पर पड़ गई। बिना एक पल की देरी किए, जवानों ने साहस का परिचय देते हुए तालाब में छलांग लगा दी और कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
युवती की पहचान कल्पना चावला मेडिकल कालेज की छात्रा के रूप में हुई है। फिलहाल छात्रा को तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, अब उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। आखिर एक मेडिकल छात्रा ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया? क्या यह कोई मानसिक तनाव था या कोई और वजह? फिलहाल पुलिस इन तमाम पहलुओं की जांच कर रही है।