LPG Gas Shortage: मिडिल ईस्ट संकट का असर; कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत, बुकिंग के बाद भी नहीं हो रही डिलीवरी
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच भारत में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित हुई है। गैस एजेंसियों के गोदाम खाली पड़े हैं और कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति आधी रह गई है। जानें ग्राउंड रिपोर्ट में क्या कह रहे हैं डिलीवरी मैन और परेशान उपभोक्ता।
मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के बीच कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर की भी किल्लत शुरू हो गई है. लोगों को सिलेंडर के लिए काफी इंतजार करना पड़ रहा है. एलपीजी गैस सिलेंडर की क्या कमी है, यह जानने के लिए ग्राउंड पर लोगों से बात की है.
कृष्ण कुंज की भारत गैस एजेंसी के गोदाम पर पहुंच कर ,वहां पर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की डिलीवरी करने वाले लोगों ने बताया कि डिलीवरी ही नहीं कर पा रहे हैं क्योंकि सिलेंडर की सप्लाई पर्याप्त नहीं है. कुछ लोगों ने यहां तक कहा कि रेस्टोरेंट वाले उनको धमका रहे हैं कि गैस सिलेंडर लाकर दो. गोदाम के इंचार्ज ने बताया कि अभी फिलहाल हमारे पास जितनी सप्लाई पहले आ रही थी उसका आधा ही आ पा रहा है खास तौर पर कमर्शियल गैस सिलेंडर की डिलीवरी बहुत कम है.
कमर्शियल गैस सिलेंडर खत्म
गोदाम के इंचार्ज ने बताया कि इसकी वजह से जिनकी बुकिंग पहले से है उनको तो दे रहे हैं लेकिन हमारे पास स्टॉक में कुछ नहीं बच रहा है. बस आता है और तुरंत चला जा रहा है. बहुत से लोगों को कमर्शियल गैस सिलेंडर मिल ही नहीं पा रहे हैं. राजघाट के पास इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम का भी यही हाल है. यहां से डिलीवरी करने वाले लोगों ने बताया कि हम पिछले तीन से चार दिन से कहीं भी डिलीवरी करने नहीं गए हैं क्योंकि कमर्शियल गैस सिलेंडर ही नहीं हैं.
बुकिंग हो रही है, लेकिन डिलीवरी नहीं
लोगों का कहना है कि हम तीन से चार दिन से खाली बैठे हुए हैं. गोदाम पर घरेलू गैस सिलेंडर लेने आए लोगों ने भी बताया कि उनके घरों में भी गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं हो पा रही है. बुकिंग हो रही है लेकिन डिलीवरी नहीं हो रही है. गैस सिलेंडर लेने आए एक शख्स ने बताया उसके घर में शादी है लेकिन तीन दिन से गैस सिलेंडर के लिए चक्कर लगा रहे थे लेकिन गैस सिलेंडर नहीं मिला, आज जाकर गैस सिलेंडर मिला है. अब काम शुरू होगा.