Bhiwani Traffic Update: भिवानी में जाम से मिलेगी मुक्ति; बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के पास बनेगी ऑटो व ई-रिक्शा के लिए स्थायी पार्किंग

भिवानी शहर में 20,000 से अधिक ऑटो व ई-रिक्शा के कारण लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मास्टर प्लान तैयार किया है। बस स्टैंड के पीछे और रेलवे स्टेशन के पास अब स्थायी पार्किंग बनाई जाएगी। ऑटो यूनियन के साथ बैठक कर जल्द ही नई व्यवस्था लागू होगी।

भिवानी। शहर में ऑटो व ई-रिक्शा के कारण लगने वाले जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस द्वारा बस स्टैंड के पीछे औद्योगिक क्षेत्र की खाली जमीन और रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के पास ऑटो व ई-रिक्शा के लिए स्थायी पार्किंग बनाई जाएगी। पार्किंग के निर्माण को लेकर ऑटो व ई-रिक्शा यूनियन और ट्रैफिक पुलिस के बीच बैठक कर रणनीति तय की जाएगी।

दरअसल इस समय शहर में 20,000 से अधिक ऑटो व ई-रिक्शा चल रहे हैं जिसके कारण जाम की समस्या आम हो गई है। कई बार ऑटो चालकों की लापरवाही भी जाम का कारण बनती है। ऑटो चालक सड़क किनारे जहां भी सवारियां खड़ी देखते हैं वहीं तुरंत वाहन रोक देते हैं। इससे पीछे से आने वाले वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पर परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसके अलावा रेलवे स्टेशन के बाहर ट्रेन आने के समय सवारियां बैठाने को लेकर ऑटो चालकों में अधिक सवारियां बैठाने की होड़ लग जाती है। इससे व्यवस्था बिगड़ जाती है और जाम लगना आम हो जाता है। इन समस्याओं से निपटने के लिए यातायात पुलिस ऑटो के लिए निर्धारित पार्किंग बनाएगी। पार्किंग से बाहर ऑटो केवल ट्रेन आने के समय ही निकलेंगे जिससे स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों को सुविधा मिलेगी।

सवारियां बैठाने की होड़ में रेलवे स्टेशन पर ऑटो चालकों के कारण व्यवस्था बिगड़ती है। जिसके कारण लगने वाले जाम से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जाम की स्थायी समस्या से निपटने के लिए ऑटो यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द ही रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर पार्किंग बनाई जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.