Bawani Khera News: बवानीखेड़ा वासियों के लिए बड़ी राहत; शहर की गाड़ियां होंगी टोल फ्री, पालिका अध्यक्ष ने अधिकारियों से की मुलाकात

बवानीखेड़ा नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री की टोल अधिकारियों के साथ बैठक सफल रही। अब शहर के वाहन चालकों को आधार कार्ड और आरसी जमा कराने पर टोल नहीं देना होगा। जानें 8 किमी दायरे के गांवों को टोल फ्री कराने का क्या है मास्टर प्लान।

बवानीखेड़ा। नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री की अध्यक्षता में नगर पार्षदों और पार्षद प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को टोल प्लाजा अधिकारियों से मुलाकात की और कस्बावासियों की टोल से जुड़ी समस्याओं को रखा। सुंदर अत्री ने बताया कि टोल प्लाजा के कारण क्षेत्र के आम नागरिकों, व्यापारियों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने टोल फ्री करने की मांग अधिकारियों के समक्ष रखी और इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। टोल अधिकारी ने निर्देश दिए कि बवानीखेड़ा शहर की सभी गाड़ियां दो-चार दिन में अपने आधार कार्ड और वाहन की आरसी जमा करवा दें जिससे उनका नंबर जीरो टैब में दर्ज कर दिया जाएगा। तब तक वाहन चालक दोनों साइड की पहली लाइन से गाड़ी निकालेंगे और टोल नहीं लगेगा।
सुंदर अत्री ने बताया कि बवानीखेड़ा टोल के आठ किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों को भी टोल फ्री करवाने के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए प्रतिनिधिमंडल हलका विधायक कपूर सिंह और राष्ट्रीय राजमार्ग के उच्च अधिकारियों से भी मुलाकात करेगा। इस अवसर पर नगर उपप्रधान प्रतिनिधि बजरंग तंवर, पार्षद बलराम, पार्षद सुभाष चंद्र, पार्षद दीपक सैनी, पार्षद प्रतिनिधि भरत और मास्टर सुरेश कुमार उपस्थित रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.