Haryana Weather Update: हरियाणा में गर्मी का कहर, 37.1 डिग्री के साथ महेंद्रगढ़ सबसे गर्म; 14 मार्च को बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
हरियाणा में मार्च में ही पारा 37 डिग्री के पार पहुंच गया है। महेंद्रगढ़ राज्य में सबसे गर्म रहा, जबकि 9 शहरों में तापमान 35 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 14 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। जानें किसानों के लिए क्या है एडवाइजरी।
हरियाणा : मार्च शुरु होते ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरु कर दिए हैं। मंगलवार को हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और यह सामान्य से 6.3 डिग्री ऊपर पहुंच गया। 9 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। महेंद्रगढ़ 37.1 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके अलावा नारनौल, हिसार, नूंह, भिवानी, चरखी दादरी और गुरुग्राम समेत कई जगहों पर पारा 35 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। मगर 14 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, बूंदाबांदी और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। प्रदेश में दिन का पारा लगातार सामान्य से ऊपर चल रहा है।
वहीं नारनौल 36.5°C, हिसार 36.2°C, नूंह 35.9°C, भिवानी 35.8°C, चरखी दादरी 35.8°C और गुरुग्राम के विभिन्न स्टेशनों पर 35 से 35.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.1 डिग्री ज्यादा है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। किसानों ने कहा कि मौसम शुष्क रहने से फसलों में नमी बनाए रखने के लिए जरुरत अनुसार सिंचाई करें। पीला रतुआ रोग की नियमित निगरानी करें।