Kaithal News: कैथल के युवक दीपक की स्पेन में मौत; पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए आर्थिक मदद की गुहार, गांव रिवाड़ जागीर में मातम

रोजगार की तलाश में स्पेन गए कैथल के रिवाड़ जागीर गांव के दीपक कुमार की अचानक मृत्यु हो गई है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार पार्थिव शरीर भारत लाने में असमर्थ है। समाजसेवियों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है और लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की है।

गुहला/चीका : हरियाणा के कैथल जिले के हल्का गुहला के गांव रिवाड़ जागीर के रहने वाले युवक दीपक कुमार की स्पेन में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दीपक करीब 10 महीने पहले बेहतर रोज़गार की तलाश में स्पेन गए थे, जहां वे मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का सहारा बनना चाहते थे। लेकिन 4 मार्च 2026 को उनकी अचानक मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

दीपक कुमार के परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर बताई जा रही है। ऐसे में परिवार के लिए स्पेन से उनके पार्थिव शरीर को भारत लाना बेहद मुश्किल हो गया है। परिजनों का कहना है कि वे चाहते हैं कि दीपक का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव रिवाड़ जागीर में ही किया जाए, ताकि परिवार के सदस्य और गांव के लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकें।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के कई समाजसेवी आगे आए हैं और उन्होंने परिवार की मदद करने का जिम्मा उठाया है। समाजसेवियों का कहना है कि वे लोगों के सहयोग से पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि परिवार को इस दुख की घड़ी में कुछ राहत मिल सके।

परिजनों और समाजसेवियों ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे इस दुखद समय में परिवार की आर्थिक मदद के लिए आगे आएं और इस संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि समय रहते पर्याप्त सहायता जुटाई जा सके और दीपक कुमार का अंतिम संस्कार उनके गांव में ही किया जा सके।  लोगो द्वारा मृतक दीपक के परिवार की मदद के लिए एक स्कैनर भी स्थानीय ग्रुपों में शेयर किया जा रहा था जिस पर पेमेंट करके लोग उनके परिवार की आर्थिक मदद कर सकते है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.