AgriStack Registration: तोशाम में एग्री स्टैक पंजीकरण पर एसडीएम सख्त; पटवारियों और ग्राम सचिवों को दी कड़ी चेतावनी, 13 मार्च को फिर होगी समीक्षा

तोशाम के एसडीएम प्रदीप अहलावत ने एग्री स्टैक पंजीकरण में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। यूनिक किसान आईडी (एग्री स्टैक) के जरिए किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

तोशाम। एसडीएम प्रदीप अहलावत ने कहा कि एग्री स्टैक के तहत किसान अपनी भूमि का पंजीकरण जरूर करवाएं। इस कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी पंजीकरण प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूरा करें अन्यथा लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम प्रदीप अहलावत बुधवार को उपमंडल परिसर भवन स्थित सभागार में एग्री स्टैक पंजीकरण को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में पटवारियों, ग्राम सचिवों और कृषि विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एग्री स्टैक से किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ तेज, पारदर्शी और सरल तरीके से पहुंच सकेगा। किसानों के लिए यूनिक किसान आईडी बनाने का अभियान शुरू किया गया है जिसे एग्री स्टैक नाम दिया गया है। यह अभियान किसानों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इसके तहत किसानों का पंजीकरण किया जा रहा है।
एसडीएम ने बताया कि एग्री स्टैक एक डिजिटल कृषि इको-सिस्टम है जिसके माध्यम से किसानों का समग्र और विश्वसनीय डाटाबेस तैयार किया जाएगा। इस डाटाबेस में किसान की पहचान, भूमि रिकॉर्ड, फसल विवरण, आय, ऋण और बीमा इतिहास जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल होंगी। समीक्षा बैठक के दौरान एसडीएम ने एग्री स्टैक पंजीकरण कार्य से जुड़े पटवारियों, ग्राम सचिवों और कृषि विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी भी जाहिर की। उन्होंने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि पंजीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।

एसडीएम ने कर्मचारियों के पिछले एक सप्ताह के पंजीकरण डाटा की समीक्षा करते हुए कहा कि इस गति से कार्य होगा तो पंजीकरण प्रक्रिया में काफी समय लग जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि एग्री स्टैक पंजीकरण को प्राथमिकता देते हुए तेजी से कार्य करें। उन्होंने बताया कि शुक्रवार 13 मार्च को सुबह दस बजे फिर से समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक कर्मचारी की प्रोग्रेस रिपोर्ट की जांच की जाएगी। इस अवसर पर नायब तहसीलदार अशोक कुमार सहित विभिन्न पटवारी, ग्राम सचिव तथा कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.