Tosham Road Accident: तोशाम के बुशान चौराहे पर क्रूजर और कार की भिड़ंत; ब्रेकर न होने से भड़के ग्रामीण, बड़े हादसे की चेतावनी

तोशाम के गांव बुशान में बाबा मुंगीपा स्कूल के पास क्रूजर और कार की टक्कर हो गई। हादसे में फसल काटने जा रही महिलाएं बाल-बाल बचीं। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बाद भी प्रशासन ने चौराहे पर ब्रेकर नहीं बनाया, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।

तोशाम। गांव बुशान के पास बाबा मुंगीपा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नजदीक चौराहे पर बुधवार सुबह ब्रेकर न होने के कारण क्रूजर और कार की टक्कर हो गई जिसमें सवार लोगों को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चौराहे पर ब्रेकर बनाने की मांग उठाई है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लग सके।

प्रत्यक्षदर्शियों उमेद, सुनील शर्मा, वीरेंद्र, राजेश, सतपाल, रघुबीर और डॉ. नरेश जांगड़ा ने बताया कि क्रूजर में आलमपुर गांव की महिलाएं सवार थीं जो फसल काटने का काम करती हैं। क्रूजर तोशाम की ओर से आ रही थी जबकि कार बुशान की तरफ से चौराहे पर पहुंची। इसी दौरान दोनों वाहनों की आपस में टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चौराहे पर ब्रेकर नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि यहां ब्रेकर बनवाने के लिए कई बार लिखित शिकायत भी दी जा चुकी है लेकिन इसके बावजूद अभी तक ब्रेकर नहीं बनाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि ब्रेकर न होने के कारण यहां बार-बार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि चौराहे पर जल्द ब्रेकर बनवाए जाए ताकि भविष्य में होने वाले हादसों को रोका जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.