Jind Bus Accident: जींद में वीडियो कॉल देख रहे बस ड्राइवर ने मचाया कोहराम; डिवाइडर से टकराकर लोडिंग गाड़ी के उड़ाए परखच्चे, कई गंभीर

जींद के उचाना में बड़ौदा गांव के पास एक किलोमीटर स्कीम बस (HR 56 GV 6198) भयंकर हादसे का शिकार हो गई। वीडियो कॉल पर बात कर रहे ड्राइवर ने संतुलन खोया और खड़ी गाड़ी में टक्कर मार दी। हादसे में ड्राइवर के दोनों पैर टूट गए और कई सवारियां घायल हैं।

जींद  : टोहाना से जयपुर रूट पर चलने वाली किलो मीटर स्कीम की बस का उचाना के बड़ौदा गांव के पास भयंकर एक्सीडेंट हो गया। इस दौरान बस में 50 से ज्यादा सवारियां मौजूद थीं। ड्राइवर समेत 5 से 6 लोगों को ज्यादा गंभीर चोटें लगी हैं। घायलों को जींद सिविल अस्पताल भज दिया गाया है।

जानकारी के अनुसार हरियाणा नं. की बस (HR 56 GV 6198) उचाना से जींद के लिए जा रही थी। बड़ौदा गांव के पास पहुंचते ही बस डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर पर टकराने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और साइड में खड़ी लोडिंग गाड़ी में जा टकराई जिससे लोडिंग गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी कई हिस्सों में बिखर गई। हादसे में बस चालक ड्राइवर संदीप कुमार निवासी थुआ जो प्राइवेट ड्राइवर है उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। उसको पीजीआइएमएस रोहतक भेज दिया गया जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

ड्राइवर का ध्यान वीडियो कॉल पर था

बस में मौजूद महिला सवारी प्रवीण डूमरखा ने बताया कि बस की स्पीड बहुत ज्यादा थी और ड्राइवर का ध्यान फोन पर चल रही वीडियो कॉल पर था। महिला ने बताया कि लोडिंग गाड़ी वाला साइड में गाड़ी खड़ी शौच के लिए गया हुआ था। अचानक से ध्यान और संतुलन बिगड़ने के कारण बस पहले डिवाइडर से टकराई जिसके बाद उसका संतुलन और बिगड़ गया और रोड के साइड में खड़े लोडिंग गाड़ी में बस जा टकराई।

वहीं लोडिंग गाड़ी चालक पंकज नहीं बताया कि वह उचाना का रहने वाला है। वह गाड़ी का काम करवाने के लिए जींद जा रहा था। रास्ते में शौच के लिए रुका था। अचानक से पीछे से आई तेज स्पीड बस ने उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। वह गाड़ी से नीचे था इसलिए बच गया। कई सवारियों को बहुत ज्यादा चोट आई हैं और कई सवारी की हल्की चोटें हैं। बस गाड़ी में टकराते ही उन्होंने देखा तो पहले 112 पर फोन किया इसके बाद तुरंत पुलिस मौके पर पहुंच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थिति को संभाल लिया :SHO ट्रैफिक

SHO ट्रैफिक पुलिस शमशेर सिंह ने बताया कि जैसे ही पुलिस को हादसे की जानकारी हुई तो 10 मिनट के अंदर ही स्थिति को संभाल लिया गया। 10 से 15 मिनट के अंदर ही सभी घायलों को उपचार के लिए उचाना व जींद के अस्पताल में पहुंचाया गया। बस ओवरस्पीड में चल रही थी। इस घटना में ड्राइवर समेत 5 से 6 लोगों को ज्यादा गंभीर चोटें लगी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.