यमुनानगर: निजी स्कूल में छात्रा से अभद्र व्यवहार, मां को कहे जातिसूचक शब्द; केस दर्ज!

यमुनानगर के बूड़िया क्षेत्र में कक्षा 6 की छात्रा के साथ स्कूल में बदसलूकी। मां को जातिसूचक शब्द कहने के आरोप में स्कूल सदस्य और शिक्षिका पर FIR दर्ज। पुलिस जांच शुरू।

यमुनानगर: बूड़िया क्षेत्र के एक निजी स्कूल में छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार और उसकी मां को जातिसूचक शब्द कहे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप स्कूल की एक शिक्षिका और संस्था के एक सदस्य पर लगे हैं।

मामले को लेकर बृड़िया थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव शहजादपुर टपरिया निवासी शिव कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी कक्षा 6 की छात्रा है और उक्त निजी स्कूल में पढ़ती है। 6 मार्च को वह परीक्षा देने के लिए स्कूल गई थी। परीक्षा दौरान शिक्षिका ने बिना किसी कारण उसका पेपर छीन लिया और करीब 30 मिनट बाद उसके चेहरे पर फैंकते हुए वापस किया। घर पहुंचकर छात्रा ने रोते हुए आपबीती बताई। परिजन स्कूल पहुंचे, जिस पर प्रधानाचार्य ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बताया गया कि 13 मार्च को छात्रा की मां उसे साथ लेकर दोबारा स्कूल पहुंची जहां संस्था के सदस्य राम गुप्ता ने उन्हें प्रधानाचार्य कक्ष में बुलाया। आरोप है कि वहां उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें नजरअंदाज किया गया। पीड़ित पक्ष अनुसार 17 मार्च को मामले के समाधान के लिए राम गुप्ता ने फोन किया लेकिन बातचीत दौरान उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और छात्रा की मां के लिए जातिसूचक शब्द कहे। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.