Kanpur News: ‘ये उत्तम नगर नहीं, कानपुर है’… हाथ में कलावा और कड़ा देखकर 2 युवकों की पिटाई; पुलिस ने दर्ज की FIR

कानपुर के जूही लाल कॉलोनी में एक रोड रेज की घटना सामने आई है. पीड़ितों ने कलावा और कड़ा देखकर धार्मिक पहचान के आधार पर हमला करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर कानपुर में एक मामूली वाहन दुर्घटना ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि कार सवार लोगों ने स्कूटी सवार युवकों को उनके धार्मिक प्रतीकों कलावा और कड़े के आधार पर पहचान कर जमकर पिटाई कर दी. घटना किदवई नगर थाना क्षेत्र के तहत आने वाली जूही लाल कॉलोनी की है. मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

पीड़ित राहुल कुमार शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार रात वह अपने दोस्त आकाश सचान के साथ स्कूटी से किदवई नगर की ओर जा रहे थे. विश्वास गार्डन के सामने स्कूटी मोड़ते समय एक कार से उनकी टक्कर हो गई. टक्कर से दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और कार में भी मामूली खरोचें आईं. कार से उतरे शमशाद, नौशाद, सरताज और एक महिला ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी.

कलावा और कड़ा देखकर पीटने का आरोप

आरोप है कि जब राहुल और आकाश ने विरोध जताया तो आरोपियों ने उनके हाथ में बंधा कलावा और कड़ा देखते हुए कहा कि ये उत्तम नगर नहीं है, ये कानपुर है… तुम हिंदू हो, बोलकर मारो इनको’ इसके बाद आरोपियों ने लात-घूंसे, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से दोनों युवकों पर हमला बोल दिया. राहुल और आकाश को सिर, आंख, नाक और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं है. आकाश की आंख से खून बहने लगा और दोनों घायल अवस्था में जूही थाने पहुंचे.

दो आरोपी गिरफ्तार

थाने पहुंचने पर पुलिस ने मौके पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया. साथ ही सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्य जुटाए. शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने शमशाद और नौशाद समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.