यमुनानगर सिविल अस्पताल में स्टाफ का टोटा: RTI में खुलासा, 50% पद खाली!
यमुनानगर सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं वेंटिलेटर पर! RTI से खुलासा: डॉक्टरों के 93 और नर्सिंग स्टाफ के 103 पद खाली। कांग्रेस ने सरकार को घेरा, आंदोलन की चेतावनी।
यमुनानगर : हरियाणा प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। यमुनानगर में जिला कांग्रेस कमेटी ने आरटीआई के जरिए सरकारी अस्पतालों में स्टाफ की भारी कमी का खुलासा किया है। आंकड़े चौंकाने वाले हैं, जो यह दिखाते हैं कि मरीजों को किस तरह परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यमुनानगर के सिविल अस्पताल से आरटीआई के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की भारी कमी है। सबसे हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े जिला अस्पताल में स्थायी सीएमओ तक तैनात नहीं है और यह पद अतिरिक्त जिम्मेदारी के रूप में संभाला जा रहा है।
कुल 17 स्वीकृत पदों से 9 पद हैं खाली
सीनियर मेडिकल ऑफिसर्स की बात करें तो कुल 17 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 9 पद खाली हैं और केवल 8 डॉक्टर ही कार्यरत हैं। वहीं मेडिकल ऑफिसर्स के 192 पदों में से 93 पद खाली पड़े हैं। इसका सीधा असर ओपीडी सेवाओं पर पड़ रहा है, जहां मरीजों को लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता है।
नर्सिंग स्टाफ की स्थिति भी कुछ बेहतर नहीं है। सीनियर नर्स के 24 पदों में से 12 खाली हैं, जबकि नर्सिंग सपोर्ट स्टाफ के 234 पदों में से 103 पद रिक्त हैं। इसके अलावा लैब टेक्नीशियन के 61 पदों में से 29 खाली हैं, जिससे जांच कार्य प्रभावित हो रहा है। फार्मेसी में 53 में से 36 पद खाली हैं और पब्लिक हेल्थ नर्स के सभी 8 पद रिक्त पड़े हैं। इन कमियों के चलते मरीजों को इलाज, दवाइयों और जांच के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्टाफ ही नहीं होंगे तो कैसे होगा मरीजों का इलाज : जिला अध्यक्ष
शहरी कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष देवेंद्र ने बताया कि ये आंकड़े सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलते हैं। जब अस्पताल में डॉक्टर, नर्स और स्टाफ ही नहीं होंगे तो मरीजों का इलाज कैसे होगा। हम इस मुद्दे को लेकर डीसी और सिविल सर्जन से मिलेंगे, ज्ञापन देंगे और जरूरत पड़ी तो सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन भी करेंगे।
अब देखना होगा कि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठाती है और कब तक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल पाती हैं।