फिरोजाबाद हादसा: खिड़की से बाहर झांकना पड़ा भारी, टीन शेड से टकराकर बाराती की मौत

फिरोजाबाद में शादी की खुशियां मातम में बदलीं। बस की खिड़की से बाहर झांक रहे अलीगढ़ के किशोर मो. कैफ की टीन शेड से टकराकर मौके पर मौत। पुलिस जांच में जुटी।

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में आकाशवाणी रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है. अलीगढ़ से बारात में शामिल होने आए एक लड़के की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे शादी का माहौल मातम में बदल गया. बताया जा रहा है कि बाराती बस से जा रहे थे. इसी दौरान किशोर खिड़की से सिर बाहर निकालकर रास्ता देख रहा था. तभी सड़क किनारे निकले हुए टीन शेड से उसका सिर जोरदार तरीके से टकरा गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया.

घरवालों ने बताया कि सड़क काफी संकरी थी. इसके चलते बस को निकालने में दिक्कत हो रही थी. चालक बस को बेहद धीमी गति से आगे बढ़ा रहा था, जबकि यात्री खिड़कियों से बाहर झांककर रास्ता साफ है या नहीं, यह देखने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान मोहम्मद कैफ नाम का किशोर भी बस की खिड़की से बाहर झांक रहा था. तभी सड़क किनारे एक दुकान के बाहर निकला हुआ टीन शेड उसकी गर्दन से टकरा गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैफ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

हादसे के तुरंत बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही क्षणों पहले जहां खुशियों का माहौल था, वहां चीख-पुकार और सन्नाटा छा गया. लोग हैरान रह गए और किसी को समझ नहीं आया कि आखिर यह सब कैसे हो गया. शादी की खुशी पलभर में गहरे शोक में बदल गई.

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बस चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

क्या बोले पुलिस अधिकारी?

थाना प्रभारी संजीव कुमार दुबे के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि किशोर बस की खिड़की से बाहर देख रहा था, तभी टीन शेड से टकराने के कारण उसकी मौत हो गई. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि सड़क पर इस तरह का अवैध अतिक्रमण कैसे हुआ.

मृतक मोहम्मद कैफ अलीगढ़ जिले के अकराबाद थाना क्षेत्र के कोड़ियागंज का रहने वाला था. वह अपने परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और दो भाइयों व तीन बहनों में सबसे बड़ा था. परिजन उसे लेकर कई सपने संजोए हुए थे, लेकिन एक पल में सब कुछ खत्म हो गया. कैफ अपने पड़ोसी की बारात में शामिल होने के लिए खुशी-खुशी निकला था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.

Leave A Reply

Your email address will not be published.