Amethi News: बच्चों ने तोड़ी गुल्लक, महिलाओं ने दिए गहने; ईरान की मदद के लिए अमेठी के इस गांव ने जुटाए 20 लाख

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के भनौली गांव में शिया समुदाय के लोगों ने ईरान की मदद के लिए 20 लाख रुपये जुटाए. बच्चों और महिलाओं की भागीदारी ने इस पहल को खास बनाने का काम किया है.

उत्तर प्रदेश के अमेठी से एक भावुक और इंसानियत की मिसाल पेश करने वाली खबर सामने आई है, जहां शिया समुदाय के लोगों ने ईरान के आर्थिक समर्थन के लिए आगे आकर बड़ी पहल की है. जिसके बाद 20 लाख की आर्थिक मदद ईरान भेजी जा रही है. इस मदद को एकत्रित करने में एक तरफ बच्चों ने अपनी गुल्लकों तक को तोड़ दिया है, तो वहीं महिलाओं ने भी अपने जेवर दान कर दिए हैं.

गाजीपुर के मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के भनौली गांव के लोगों ने मिलकर ईरान की मदद के लिए करीब 20 लाख रुपये की धनराशि इकट्ठा की है. इस सहयोग में शिया समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया, लेकिन सबसे खास बात यह रही कि महिलाओं और बच्चों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर योगदान दिया. एक तरफ जहां बच्चों ने अपनी गुल्लक में जमा पैसों का सहयोग किया तो वहीं महिलाएं अपने जेवर देकर ईरान के मदद के लिए सामने आई है.

किसी ने बेचे जेवर तो किसी ने बर्तन

इतना ही नहीं, कई लोग अपने घरों के कीमती पीतल के बर्तन बेचकर आर्थिक सहयोग कर रहे हैं. भनौली गांव के रहने वाले अहमद हुसैन ने बताया कि महिलाओं ने अपने जेवर तक दान कर दिए, ताकि जरूरतमंदों की मदद की जा सके. वहीं बच्चों ने भी अपनी छोटी-छोटी बचत को महत्व देते हुए अपनी गुल्लक तोड़कर उसमें जमा पैसे इसमें सहयोग दिया है. उसी गांव के रहने वाले जिशान हैदर ने बताया कि पूरा पैसा ईरान की मदद के लिए इकट्ठा किया गया है.

दूतावास के जरिए भेजी जाएगी मदद

पैसा ईरान के दूतावास के माध्यम से भेजा जाएगा. लोगों का कहना है कि यह कदम सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि भाईचारे और मानवता का संदेश है. इस पहल ने यह साबित कर दिया कि जब बात इंसानियत की बात आती है, तो लोग धर्म, उम्र और संसाधनों से ऊपर उठकर एकजुट हो जाते हैं. अमेठी के भनौली गांव की यह पहल आज पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इस की खूब सराहना कर रहे हैं

Leave A Reply

Your email address will not be published.