रेवाड़ी हाईटेक जेल से 2 कैदी फरार: ऑनलाइन ठगी के आरोपी फैजान और जाहिद गायब
रेवाड़ी की नई हाईटेक जेल (फिदेड़ी) की सुरक्षा में सेंध! ऑनलाइन ठगी के आरोपी यूपी निवासी दो बंदी फरार। पुलिस की 3 टीमें गठित, दिनदहाड़े हुई इस घटना से हड़कंप।
रेवाड़ी : रेवाड़ी जिले की हाईटेक मानी जाने वाली जेल से दो बंदियों के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का पता चलते ही जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। दोनों फरार बंदी ऑनलाइन ठगी के मामलों में आरोपी बताए जा रहे हैं और उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गिनती के दौरान दो बंदी मिले कम
जेल कर्मी मुस्ताक अहमद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 मार्च को उनके पास जेल का कार्यभार था। शाम के समय जब बंदियों की गिनती की गई, तो दो बंदी कम पाए गए। जांच करने पर पता चला कि उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी 22 वर्षीय फैजान और इटावा निवासी 21 वर्षीय जाहिद जेल से फरार हैं। उन्होंने बताया कि दोनों बंदियों को दोपहर करीब डेढ़ बजे जेल परिसर में देखा गया था, लेकिन इसके बाद वे कहीं नजर नहीं आए। जेल परिसर और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की गई, मगर कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई।
हाईटेक जेल की सुरक्षा पर उठे सवाल
रेवाड़ी की यह जेल प्रदेश की हाईटेक जेलों में गिनी जाती है। गांव फिदेड़ी में स्थित इस जेल का उद्घाटन गत वर्ष ही किया गया था। जेल में बंद कैदियों और बंदियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम होने का दावा किया गया था। इसके बावजूद दिनदहाड़े दो बंदियों के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तीन टीमों का गठन, तलाश जारी
सदर थाना प्रभारी (SHO) राजेंद्र कुमार ने बताया कि फरार बंदियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। इनमें सदर थाना पुलिस के साथ रेवाड़ी और धारूहेड़ा सीआईए की टीमें शामिल हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों आरोपी जेल से कैसे फरार हुए। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।