अंबाला सड़क हादसा: कैंटर का टायर निकलने से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, किसान और मजदूर की मौत

अंबाला में दर्दनाक हादसा! डेरा सलीमपुर के पास कैंटर का टायर निकलने से गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी। किसान निर्मल सिंह और मजदूर बबलू की मौत, कई घायल।

अंबाला : अंबाला से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से किसान और एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक अधोया थाना छप्पर रोड पर पीछे से आ रहे कबाड़ से भरे एक कैंटर ने ट्रैक्टर को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान कैंटर का एक टायर अचानक निकल गया और गोली की रफ्तार से सीधे ट्रैक्टर के अगले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढों में पलट गई। हादसा अंबाला के गांव डेरा सलीमपुर के पास हुआ। किसान निर्मल सिंह अपनी बेटी के खेत में गन्ने की बिजाई के लिए यमुनानगर के गांव गधौली जा रहे थे। ट्रैक्टर पर निर्मल सिंह के साथ कुछ मजदूर भी सवार थे। किसी ने नहीं सोचा था कि खुशी-खुशी काम पर जा रहे इन लोगों के साथ रास्ते में मौत का खेल होगा। घायल नानकचंद ने बताया कैंटर ने हमें ओवरटेक किया और अचानक उसका टायर निकलकर हमारे ट्रैक्टर के आगे लगा। देखते ही देखते सब पलट गया।

मौके पर मची चीख-पुकार 

इस दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चला रहे किसान निर्मल सिंह और बिहार के रहने वाले मजदूर बबलू यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर पर सवार अन्य मजदूर और ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को यमुनानगर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.