पंचकूला नगर निगम घोटाला: करनाल में महिला अफसर की तलाश, बरामद हुई लावारिस गाड़ी

पंचकूला के 158 करोड़ के बैंक घोटाले में फरार महिला अधिकारी की करनाल में लोकेशन मिली। चंडीगढ़ पुलिस ने चौधरी कॉलोनी में डाली दबिश, लावारिस XUV-500 बरामद।

करनाल: पंचकूला नगर निगम के 158 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले में शामिल महिला अधिकारी की गिरफ्तारी के लिए चंडीगढ़ पुलिस दो दिन से चौधरी कॉलोनी में डेरा डाले हुए है। पुलिस को आरोपी महिला अधिकारी के मोबाइल फोन की लोकेशन करनाल में मिली है। चंडीगढ़ पुलिस को मकान नंबर 25 के बाहर एक चंडीगढ़ की गाड़ी खड़ी मिली। अंदेशा जताया जा रहा है कि गाड़ी महिला अधिकारी की है। वह पुलिस से बचने के लिए यहां गाड़ी खड़ी करके दूसरी जगह चली गई है।

चंडीगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी की बैंक घोटाले में शामिल महिला अधिकारी मकान नंबर 25 में अपने रिश्तेदार के पास आई हुई है।

शुक्रवार शाम को चंडीगढ़ पुलिस की टीम शहर की चौधरी कॉलोनी में पहुंची। टीम ने यहां एक मकान के अंदर दबिश दी। अंदर न तो अधिकारी मिली और न ही किराएदार मिले।

पुलिसकर्मी रात से ही महिला अधिकारी के बारे में आसपास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। घर के बाहर एक चंडीगढ़ नंबर की एक्सयूवी 500 गाड़ी खड़ी मिली है। गाड़ी आरोपी महिला अफसर की बताई जा रही है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि मकान से किराएदार भी गायब हैं और यहां आई हुई महिला भी अपनी गाड़ी को खड़ी करके चली गई है। हालांकि, अभी तक किसी भी अधिकारी का मामले में कोई बयान सामने नहीं आया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.