गुड़गांव: कुत्तों को लेकर भिड़ीं महिलाएं, बीच सड़क चले लात-घूंसे, वीडियो वायरल

गुड़गांव की मियांवाली कॉलोनी में आवारा कुत्तों को हटाने पर बवाल! डॉग लवर्स और स्थानीय लोगों में जमकर मारपीट, महिलाओं ने खींचे बाल। सेक्टर-14 थाना पुलिस जांच में जुटी।

गुड़गांव : गुड़गांव से एक बड़ा मामला सामने आया है जहां बीच सड़क पर महिलाएं एक दूसरे के बाल खींचकर मारपीट करती नजर आई हैं। पूरा मामला गुड़गांव की मियांवाली कॉलोनी का है जहां बेसहारा कुत्तों को हटवाने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। यह दोनों पक्ष कोई और नहीं बल्कि नगर निगम में शिकायत करने वाले और उन कुत्तों को नगर निगम से बचाने वाले यानी डॉग लवर्स थे।

दोनों में इस कदर बहसबाजी हुई कि दोनों पक्ष आपस में मारपीट करने लगे। यहां तक कि डॉग लवर्स ने नगर निगम कर्मचारियों को कार्य करने से रोकने के लिए उनकी गाड़ी की चाबी तक छीनने का प्रयास किया। वहीं पूरे घटनाक्रम को एक व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं, मामले में सेक्टर-14 थाना पुलिस को जब घटना की सूचना मिली तो पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि अगर नगर निगम की टीम मौके पर गई थी और कुत्ते उठाने के लिए उनका लोग विरोध कर रहे थे तो उन्हें पुलिस से सहायता लेनी चाहिए थी। अगर पुलिस को सूचना दी जाती तो इतना बड़ा विवाद ही न होता। फिलहाल पुलिस को शिकायत व घायलों की मेडिकल रिपोर्ट मिली है। एक वीडियो भी पुलिस को मिली है जिसके आधार पर जांच की जा रही है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, मियांवाली कॉलोनी में बेसहारा कुत्तों को पकड़ने के लिए स्थानीय लोगों ने नगर निगम को शिकायत दी थी। जब नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची तो कुछ लोग निगम की टीम की कार्रवाई का विरोध करने लगे। इस दौरान शिकायत करने वाले और डॉग लवर्स के बीच बहसबाजी हो गई और नौबत यहां तक आ गई कि दोनों में मारपीट होने लगी। तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से महिलाएं एक दूसरे को बालों से पकड़कर पीट रही हैं। वहीं, दो पुरूष भी आपस में मारपीट कर रहे हैं। पूरे घटनाक्रम की वीडियो भी एक व्यक्ति द्वारा बनाई जा रही है और नगर निगम की टीम को भी धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वहीं, मामले में अब सेक्टर-14 थाना पुलिस जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.