IPL 2026: CSK के खिलाफ मैच में क्यों रोने लगे रवींद्र जडेजा? वजह है ‘पुराना प्यार’

IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे रवींद्र जडेजा अपनी पुरानी टीम CSK के खिलाफ भावुक हो गए। फैंस का प्यार देख छलके आंसू और जर्सी के लोगो को किया KISS।

रवींद्र जडेजा के लिए आईपीएल 2026 में सबकुछ पहले जैसा नहीं था. बदले-बदले से हालात थे. जिस टीम की जीत के लिए वो पिछले सीजन तक जी-जान झोंकते दिख रहे थे, इस सीजन अपने अभियान का आगाज ही उसके खिलाफ उतरकर किया. इस बार रवींद्र जडेजा राजस्थान रॉयल्स के लिए हल्ला बोल रहे हैं. उन्होंने CSK के खिलाफ पहला मैच खेला और उसमें 2 बेशकीमती विकेट भी लिए, जिसने उनकी पुरानी टीम की कमर को तोड़ने का काम किया. लेकिन, ये सबकुछ करते हुए RR vs CSK के मैच में रवींद्र जडेजा रोने क्यों लगे? जवाब है- पुराना प्यार .

LIVE मैच में रवींद्र जडेजा क्यों रोने लगे?

यहां पुराने प्यार से मतलब रवींद्र जडेजा की पुरानी फ्रेंचाइजी यानी चेन्नई सुपर किंग्स से है, जिसके लिए उनका इमोशन तब आंखों में आंसू बनकर दुनिया के सामने आ गया, जब CSK के फैंस मैच के दौरान मैदान पर उनका नाम पुकारने लगे. LIVE मैच में ये घटना चेन्नई सुपर किंग्स की पारी के 9वें ओवर के दौरान घटी. उस वक्त जडेजा बाउंड्री लाइन पर फील्डिंग कर रहे थे.

‘पुराने प्यार’ को देखते किया KISS

रवींद्र जडेजा ने अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी CSK के खिलाफ मैच में 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए. उनके इस योगदान से राजस्थान ने मैच को 8 विकेट से जीता. इस जीत के बाद रवींद्र जडेजा का पुराने प्रेम के लिए इमोशन एक बार फिर से दिखा. ऐसा तब हुआ जब वो CSK के खिलाड़ी खलील अहमद से बात करने पहुंचे.

रवींद्र जडेजा ने खलील अहमद से बात बाद में की पहले उन्होंने उनकी जर्सी पर मौजूद CSK के Logo को देखते ही KISS कर लिया. इससे पता चलता है कि आईपीएल 2026 में रवींद्र जडेजा का अता-पता जरूर बदला है मगर उनके दिल के किसी कोने में CSK के लिए जगह अब भी खाली है.

आसान नहीं था जाना- रवींद्र जडेजा

रवींद्र जडेजा ने RR vs CSK मैच के बाद कहा भी कि उनके लिए 12-13 साल CSK के लिए खेलने के बाद RR में जाना आसान नहीं था. वक्त लगा हाल-ए- दिल को मनाने में. उन्होंने आगे कहा कि मैदान पर जब CSK सपोर्टर ने मेरा नाम पुकारा तो इमोशन पर कंट्रोल नहीं रहा और आंखें नम हो गईं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.