Akhilesh Yadav: ‘दीदी हैं, दीदी रहेंगी…’ अधिकारियों के तबादले पर भड़के अखिलेश यादव; बंगाल चुनाव को लेकर BJP पर बड़ा हमला

बंगाल चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है. सपा चीफ ने कहा कि भाजपा बंगाल बुरी तरह हार रही है. वहां दीदी हैं, दीदी रहेंगी. ये तबादले नहीं, चुनावी हेराफेरी है.

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है. बंगाल चुनाव को लेकर अखिलेश ने कहा है कि भाजपा बंगाल बुरी तरह हार रही है. वहां दीदी हैं, दीदी रहेंगी. सपा प्रमुख ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की स्थिति दिन-पर-दिन बद से बदतर होती जा रही है. ऐसा पहली बार देखा जा रहा है कि भाजपा सम्मानजनक हार के लिए अपनी व्यवस्था कर रही है.

अखिलेश ने आगे कहा कि यही इस चुनाव की विशिष्टता है. ये तबादले नहीं, चुनावी हेराफेरी है. भाजपा जिस बड़ी संख्या में बंगाल में पुलिस अधिकारियों और बीडीओ को बदल रही है, उससे ये बात साबित होती है कि बंगाल में भाजपा का मुंह मीठा नहीं होगा. दीदी हैं, दीदी रहेंगी. बता दें कि अखिलेश का यह बयान 83 BDO और 173 पुलिस अधिकारियों के तबादले के बाद आया है.

83 BDO-ARO के तबादले

दरअसल, चुनाव आयोग ने रविवार को पश्चिम बंगाल के 18 जिलों में 83 BDO और ARO के तबादले कर दिए. इस बड़े फेरबदल में कूच बिहार के दिनहाटा-दो से लेकर दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर-एक और दो तक के ब्लॉक शामिल हैं, साथ ही रामनगर, नंदीग्राम-एक और दो, नानूर, लाभपुर, सूरी-एक, मोहम्मद बाजार, इलंबजार और मयूरेश्वर-एक भी शामिल हैं. इसके अलावा 173 पुलिस स्टेशनों के इंचार्ज अधिकारियों और इंस्पेक्टरों का भी ट्रांसफर कर दिया गया. इनमें कोलकाता पुलिस के तहत आने वाले 31 पुलिस स्टेशन भी शामिल हैं.

तबादलों से प्रभावित 18 जिले

तबादलों से प्रभावित जिलों में कूच बिहार, जलपाईगुड़ी, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुरा, पूर्वी और पश्चिमी बर्धवान और बीरभूम शामिल हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.