Amit Shah in Bengal: बंगाल में BJP की सरकार बनी तो लागू होगा UCC और 7th Pay Commission
अमित शाह का बंगाल में बड़ा वादा: भाजपा सरकार बनते ही UCC लागू होगा और घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकाला जाएगा। महिलाओं को ₹3000 महीना और युवाओं को ₹10 लाख लोन का आश्वासन।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बर्धमान की रैली में कहा कि बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने पर यहां यूसीसी लागू करेंगे और कुछ लोगों को चार शादी नहीं करने देंगे. इसके साथ ही उन्होंने पांडेश्वर के भाजपा के उम्मीदवार जितेंद्र तिवारी का परिचय कराते हुए कहा कि पिछले चुनाव में जितेंद्र तिवारी बहुत कम वोटों से पिछड़ गये थे. इस बार आप इन्हें विजयी बनाकर भेजो, हम तिवारी को बड़ा आदमी बनाएंगे.
शाह ने कहा कि कुछ लोगों को चार शादी की छूट है. किसी को चार शादी की छूट होनी चाहिए क्या? पांच मई को भाजपा सरकार बना दो हम यूसीसी लगाएंगे और उन लोगों के चार शादी नहीं करने देंगे. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी अपने चेले-चपाटों के दम कर बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने का सपना देख रही है. पांच मई को बीजेपी आएगी और किसी हालत में बंगाल में बाबरी मस्जिद नहीं बनेगी.
अमित शाह ने कहा कि ममता की सरकार को निकालने का मतलब है, घुसपैठ मुक्त सरकार बनाना. बंगाल से घुसपैठियों को बाहर निकालना है. उन्होंने सवाल किया कि क्या दीदी या भाइपो (भतीजा) उन्हें निकाल सकते हैं? केवल भाजपा निकाल सकती है.
घुसपैठियों का टाइम अब समाप्त हो गया
उन्होंने कहा कि ममता दीदी 600 एकड़ जमीन बीएसएफ को नहीं देती है, ताकि बाड़ लगाने का काम पूरा नहीं हो. बीएसएफ के जवान देश के लिए अपना सिर कटा सकते हैं.घुसपैठियों को प्रश्रय कभी नहीं देंगे.
उन्होंने कहा कि ममता दीदी की सरकार खत्म हो गई है और पांच मई को भाजपा की सरकार बनेगी और 45 दिन में 600 एकड़ जमीन बाड़ लगाने दे देंगे. हम पूरे बंगाल और देशभर से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर निकालने का काम करेंगे. घुसपैठिए जो हैं, वो हमारे युवाओं का रोजगार खा रहा है. गरीबों की चावल खा रहा है और देश के अंदर दंगा करा रहा है. अमित शाह ने कहा कि सारे घुसपैठियों को कह रहे हैं कि पांच मई से बंगाल छोड़कर जाना शुरू कर देंगे. आपका टाइम समाप्त हो गया है.
अमित शाह ने कहा कि दीदी के गुंडे और भाइपो के गुंडे परेशान करते हैं. 23 अप्रैल को मतदान है. सारे गुंडों को कहकर जाता हूं कि घर से बाहर नहीं निकलना, नहीं तो पांच मई को खैर नहीं है.
ममता ने सोनार बांग्ला को सिंडिकेट राज में बदल दिया
अमित शाह ने कहा कि ममता ने सोनार बांग्ला को सिंडिकेट राज में बदल दिया है. उन्होंने मां, माटी, मानुष नारे को माफिया, मसलमैन और मनी पावर गैंग में बदल दिया है. बीजेपी गुरु रवींद्रनाथ टैगोर के सपनों का सोनार बांग्ला बनाने पर काम करेगी. बेरोजगार युवाओं की नौकरियों में अरबों-करोड़ों रुपये खा जाने वाली टीएमसी के लोग मानते हैं कि हमने कुछ नहीं किया होगा. मैं भतीजे से कहकर जा रहा हूं कि वह अपने भ्रष्ट साथियों को चेतावनी दे कि बीजेपी उन्हें जेल की सलाखों के पीछे डाल देगी.
अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी ने बंगाल के युवाओं को जो कभी पूरे भारत का इंडस्ट्रियल हब माना जाता था , बेरोजगार कर दिया है. हमने तय किया है कि जैसे ही बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी, पीएम मोदी पूरे बंगाल में इंडस्ट्री वापस लाने के लिए 5 बड़े इंडस्ट्रियल एस्टेट बनाएंगे. जैसे ही पश्चिम बंगाल में BJP की सरकार बनेगी, पांच बड़े इंडस्ट्रियल एस्टेट बनाए जाएंगे. पिछले 15 सालों में, 7000 से ज्यादा फैक्ट्रियां बंगाल से बाहर चली गईं. यह भाईपो के सिंडिकेट के डर की वजह से है.
दंगों की जांच करवाएगी भाजपा सरकार
उन्होंने कहा कि ममता के राज में हिंदुओं पर अत्याचार बिना रोक-टोक चला. राज्य के विभिन्न इलाकों में दंगे हुए. सारे दंगे में हिंदुओं पर अत्याचार किया. 2016 से 2026 तक जितने भी दंगे हुए हैं. उन दंगों की जांच बैठाने का काम भारतीय जनता पार्टी करेगी.
अमित शाह ने कहा कि हम यहां UCC लाएंगे. हम सरकारी कर्मचारियों को 45 दिनों में 7th Pay Commission देंगे. बीजेपी सरकार हर दीदी के बैंक अकाउंट में हर महीने 3 हजार रुपये जमा करेगी. गर्भवती माताओं को 21 हजार रुपये दिए जाएंगे. सभी बहनों को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा मिलेगी.
अमित शाह ने कहा कि हम सरकारी नौकरियों में 33% महिला आरक्षण लागू करेंगे और बेरोजगार युवाओं के बैंक अकाउंट में हर महीने 3 हजार रुपये भेजेंगे. BJP सरकार किसानों के अकाउंट में हर साल 9 हजार रुपये जमा करेगी और युवाओं को 10 लाख रुपये तक का लोन देगी.