Ashok Kharat Case: कहीं दफ्न न हो जाएं 20 साल के राज… जितेंद्र आव्हाड के आरोपों से महाराष्ट्र की सियासत में हड़कंप

महाराष्ट्र विधानसभा में जितेंद्र आव्हाड ने अशोक खरात मामले पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने खरात की जान को खतरा बताते हुए उसे लगातार CCTV में रखने की मांग की है.

महाराष्ट्र विधानसभा में भोंदू अशोक खरात मामले को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने तीखे और गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने मांग की कि अशोक खरात को किसी भी हालत में जिंदा रखा जाए और उसे लगातार सीसीटीवी निगरानी में रखा जाए. आव्हाड ने कहा कि खरात के पास महाराष्ट्र की पिछले 20 वर्षों की राजनीति से जुड़ी अहम और अंदरूनी जानकारी है.

ऐसे में उसकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में नहीं होनी चाहिए. उन्होंने जेफरी एपस्टीन का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे एपस्टीन मामले में कई सवाल अनुत्तरित रह गए, वैसी स्थिति यहां नहीं बननी चाहिए.

38 विधायकों की लिस्ट होने का दावा

आव्हाड ने दावा किया कि राज्य के 38 विधायक अशोक खरात के संपर्क में थे और कथित तौर पर उसके पास अनुष्ठान कराने जाते थे उन्होंने वहां जाकर अपनी उंगलियां भी काटी. उन्होंने कहा कि उनके पास इन सभी विधायकों की सूची है और समय आने पर वह इसे सार्वजनिक करेंगे.

2007 के पत्रकार हत्याकांड का जिक्र

विधानसभा में बोलते हुए आव्हाड ने कहा कि अशोक खरात का नाम 2007 में पत्रकार बालू तुपे की हत्या के मामले में भी चर्चा में आया था. उन्होंने कहा कि उस समय नाशिक में इस मामले की चर्चा थी और एक अखबार में इस पर 10 लेख भी प्रकाशित हुए थे, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह जानकारी पहले से मौजूद थी, तो पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने कार्रवाई क्यों नहीं की.

पुलिस और नेताओं पर गंभीर आरोप

आव्हाड ने आरोप लगाया कि इस मामले में कुछ पुलिस अधिकारी भी संदेह के घेरे में हैं और पैसे के लेन-देन की आशंका है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को इस बारे में पूरी जानकारी है, तो वह केवल देवेंद्र फडणवीस को हो सकती है.

राजनीतिक साजिश का भी आरोप

आव्हाड ने यह भी कहा कि अशोक खरात के जरिए कुछ लोग राजनीतिक साजिश रच रहे थे और मुख्यमंत्री की कुर्सी को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही थी. उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को पहले से जानकारी थी.

बदलापुर बलात्कार के आरोपी अक्षय शिंदे की तरह अशोक खरात का एनकाउंटर हो सकता है. कांग्रेस के नेता नाना पटोले ने कहा बदलापुर बलात्कार का आरोपी अक्षय शिंदे जैसा अशोक खरात का भी सरकार एनकाउंटर करा सकती है. यही बात मैंने विधानसभा में रखी है. सरकार पहले अशोक खरात से सभी जानकारी निकलेगी और बाद में दूसरे बड़े नेताओं को ब्लैकमेल करने के लिए उसका उपयोग करेगी और अंत में अशोक खरात का सरकार एनकाउंटर कर सकती है. यह शक नाना पटोले ने जाहिर किया.

Leave A Reply

Your email address will not be published.