Bawani Khera: बवानीखेड़ा में नाले जाम, सड़कों पर फैला दूषित पानी, बीमारियों का खतरा
बवानीखेड़ा में शहीद गुलाब सिंह पार्क और नागरिक अस्पताल के सामने जमा हुआ दूषित पानी। नालों की सफाई न होने से राहगीर परेशान। नगर पालिका प्रशासन से समाधान की मांग।
बवानीखेड़ा। क्षेत्र में दूषित पानी की निकासी के लिए बने नाले जाम होने से कई स्थानों पर दूषित पानी जमा हो गया है जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहीद गुलाब सिंह पार्क, नागरिक अस्पताल और नगर पालिका कार्यालय के सामने लंबे समय से दूषित पानी फैला हुआ है।
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि इस समस्या के चलते नगर पालिका कर्मचारियों को भी कार्यालय जाने में परेशानी हो रही है। हालांकि सफाई कर्मचारी कार्य करते दिखाई देते हैं लेकिन पानी की निकासी नहीं हो रही है। लोगों का कहना है कि पहली बार ऐसा देखा जा रहा है जब नाले में बंध लगाकर सफाई कर्मचारी बाल्टी से पानी निकालकर फिर नाले में ही डालते नजर आ रहे हैं।
गर्मी के मौसम में दूषित पानी जमा रहने से मच्छरों की संख्या भी बढ़ रही है जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नालों की सफाई करवाई जाए और पानी निकासी की उचित व्यवस्था की जाए।
इस संबंध में नगर पालिका प्रधान सुंदर अत्री ने बताया कि सफाई कर्मचारी लगातार कार्य में लगे हुए हैं। यदि नाले बंद हैं तो उन्हें तुरंत खुलवाया जाएगा ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।