Bawani Khera News: बवानीखेड़ा और तोशाम में दो दर्दनाक हादसे, 2 कर्मचारियों की मौत

भिवानी जिले में दो बड़े हादसे। तोशाम में करंट लगने से बिजली निगम के ALM की मौत, बवानीखेड़ा में स्ट्रीट लाइट ठीक करते समय पलटी हाइड्रा मशीन; एक की जान गई।

बवानीखेड़ा। जिले में मंगलवार को दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में दो कर्मचारियों की मौत हो गई जबकि एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले हादसे में तोशाम में बिजली निगम के एएलएम की करंट लगने से मौत हो गई जबकि दूसरे हादसे में बवानीखेड़ा में स्ट्रीट लाइट मरम्मत के दौरान हाइड्रा मशीन पलटने से एक कर्मचारी की जान चली गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मामलों की जांच की जा रही है।

तोशाम में बिजली निगम में कार्यरत गांव गुरेरा निवासी 28 वर्षीय सचिन मंगलवार शाम झांवरी मार्ग पर बिजली से संबंधित कार्य कर रहा था। इस दौरान पावर हाउस से बिजली सप्लाई बंद करवाई गई थी बावजूद इसके करंट कहां से आया इसका पता समाचार लिखे जाने तक पता नहीं चल सका था। करंट लगने के बाद सचिन को आनन-फानन में तोशाम के नागरिक अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक सचिन तीन बहनों में इकलौता भाई था। उसकी कुछ साल पहले ही शादी हुई थी और उसका एक वर्षीय इकलौता पुत्र भी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे तथा बिजली निगम के अधिकारी व कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। इस हादसे के बाद विभाग में शोक की लहर है। बिजली निगम के एसडीओ चेतन कुमार ने बताया कि सप्लाई बंद थी लेकिन करंट कहां से आया इसकी जांच की जा रही है।

बवानीखेड़ा में रेलवे स्टेशन से बीडीपीओ कार्यालय के बीच हुआ हादसा, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
बवानीखेड़ा। शहर में स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के दौरान मंगलवार दोपहर हाइड्रा मशीन पलटने से वार्ड नंबर 16 निवासी 45 वर्षीय कर्मचारी सतबीर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 28 वर्षीय मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रेलवे स्टेशन से बीडीपीओ कार्यालय के बीच डिवाइडर पर लगी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करते समय हुआ।

जानकारी के अनुसार ठेकेदार की टीम हाइड्रा मशीन की सहायता से ऊंचाई पर लगी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर रही थी तभी मशीन अचानक असंतुलित होकर पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि ट्रॉली में सवार कर्मचारियों को संभलने का मौका नहीं मिला और दोनों नीचे आ गिरे। हादसे में सतबीर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मोहित को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक सतबीर अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि स्ट्रीट लाइट ठीक करते समय हाइड्रा मशीन पलट गई। मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसा किसकी लापरवाही से हुआ।

सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार मौके पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। उनका कहना है कि यदि पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और सावधानियां बरती जातीं तो हादसा टाला जा सकता था।

नगर पालिका सचिव ने दिए जांच के आदेश
नगर पालिका सचिव संदीप गर्ग ने बताया कि स्ट्रीट लाइट मरम्मत का कार्य सब कोऑपरेटिव सोसाइटी को दिया गया था। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शहर में शोक, लोगों में रोष
इस दर्दनाक हादसे के बाद बवानीखेड़ा में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों में नाराजगी है कि कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी हो रही है। लोगों ने जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.