Bhiwani Development: भिवानी को ₹80 लाख के विकास कार्यों की सौगात; विद्यानगर की गलियों और बाबा नगर के पार्कों का होगा कायाकल्प

भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ ने शहर में ₹80 लाख की लागत वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इसके तहत विद्यानगर की चार गलियों का निर्माण और बाबा नगर व ढाणी कृपाराम में पार्कों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। साथ ही रोहतक गेट पर सार्वजनिक शौचालय की सुविधा भी मिलेगी।

भिवानी। नगर परिषद की ओर से रविवार को शहर में करीब 80 लाख रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत करवाई गई। विधायक घनश्याम सर्राफ और नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह ने इन कार्यों का शुभारंभ किया। इसके तहत विद्यानगर की चार गलियों का निर्माण कराया जाएगा जबकि बाबा नगर और ढाणी कृपाराम में पार्कों का जीर्णोद्धार किया जाएगा।

नगर परिषद के अनुसार विद्यानगर की चार गलियों का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में कोई भी गली कच्ची नहीं रहेगी। रविवार को जिन गलियों का निर्माण कार्य शुरू कराया गया उनमें सैनिक हाई स्कूल के पास सुनील सांगवान वाली गली, किसान भवन से लेकर मिनी बाईपास तक की गली, शेर सिंह पूनिया वाली गली तथा पवन परमार वाली गली शामिल हैं।

इसके अलावा बाबा नगर और ढाणी कृपाराम में पार्कों के जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जाएगा। इन पार्कों के सुधार के बाद क्षेत्र के लोगों को सुबह और शाम टहलने के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। वहीं दिन के समय लोग पार्क में लगे पेड़ों की छांव में बैठकर आराम भी कर सकेंगे। शहर में इन कार्यों के पूरा होने से स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस मौके पर उप चेयरपर्सन प्रतिनिधि संदीप सिंह, पार्षद सुक्रमपाल, रामफल रोहिल्ला, पवन परमार, मुकेश खन्ना और प्रेम यादव मौजूद रहे।

विधायक घनश्याम सर्राफ द्वारा रविवार को विद्यानगर की चार गलियों का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया। इसके बाद बाबा नगर तथा कृपाराम की ढाणी रोहतक गेट स्थित दो पार्कों के जीर्णोद्धार तथा शौचालय का कार्य शुरू करवाया है। आसपास सार्वजनिक शौचालय नहीं होने से बाजार में आने वाले लोगो को खासकर महिलाओं को काफी परेशानी होती थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.