Bhiwani News: भिवानी की डाबर कॉलोनी में सीवर जाम से नारकीय हालात; गलियों में फैला गंदा पानी, एक्सईएन ने दिए सफाई के निर्देश

भिवानी के वार्ड 17 और 18 (डाबर कॉलोनी) में पिछले 6 महीनों से सीवर लाइन ठप होने से लोग परेशान हैं। पार्षदों की शिकायत पर जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता ने मौका मुआयना किया और बकेट मशीन से सफाई के निर्देश दिए।

भिवानी। शहर के वार्ड 17 और 18 की अधिकांश गलियों के अंदर ठप सीवर लाइन की वजह से क्षेत्र के लोग परेशानी झेल रहे हैं। डाबर कॉलोनी की गली संख्या 27 में सीवर का मैनहोल जाम होने की वजह से गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इस वजह से गंदा पानी गली में ही फैल रहा है। जिससे लोगों को आने-जाने में भी परेशानी हो रही है।

वार्ड पार्षद सुभाष तंवर, पार्षद प्रतिनिधि अनिल, संदीप यादव ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता से शिकायत की और उसके बाद कार्यकारी अभियंता और एसडीओ पार्षदों के साथ मौके पर पहुंचे। हालातों का मुआयना किया। कार्यकारी अभियंता ने ठेकेदार को बकेट मशीन से सीवर लाइन सफाई करने के निर्देश दिए।

डाबर कॉलोनी वार्ड संख्या 17 व 18 में बंटा है। दो वार्डों में ये बड़ी कॉलोनी ठप सीवर की समस्या झेल रही है। यहां पर सीवरों की सफाई न होने की वजह से गंदे पानी की निकासी ही नहीं हो पा रही है। सीवर मैनहोल ओवरफ्लो हो रहे हैं। इसी गंदे पानी के बीच से लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है। क्षेत्र में यह समस्या करीब छह माह से बनी है। इस बारे में कई बार लोगों ने अधिकारियों से शिकायत की लेकिन बात नहीं बनी।

संबंधित ठेकेदार को बकेट मशीन लगाकर सीवर मैनहोल की सफाई के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही इस कॉलोनी में ठप पड़े सीवर मैनहोल की सफाई कराकर लाइन को सुचारु कर दिया जाएगा।

गली नंबर 27 के अंदर पिछले छह माह से सीवर मैनहोल ठप पड़े हैं जिसकी वजह से मैनहोल ओवरफ्लो हो रहे हैं। काफी दूर तक गली में गंदा पानी फैल रहा है। जिसकी वजह से आने-जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र के लोग काफी बार इसकी शिकायत कर चुके हैं, मगर समाधान नहीं हो रहा है।

डाबर कॉलोनी में गली के अंदर सीवर लाइनों की लंबे अर्से से सफाई नहीं कराई गई है। जिसकी वजह से गंदे पानी की निकासी आगे नहीं हो पा रही है। गलियों के अंदर फैले गंदे पानी की बदबू से लोगों का घरों के अंदर रहना भी दूभर हो चुका है। जल्द से जल्द समाधान कराया जाए।

डाबर कॉलोनी में कई गलियां कच्ची पड़ी हैं, जिनके अंदर सीवर लाइन का गंदा पानी खुले में फैला है। इससे फिसलन बढ़ गई है। कच्ची गली और गंदा पानी जमा होने से ऐसे हालात बने हैं कि पैदल चलने वाले भी फिसलकर गिर चोटिल हो रहे हैं।

डाबर कॉलोनी क्षेत्र की सीवर लाइन जाम है, इसके अलावा सीवर का मैनहोल भी जाम पड़ा है। जिस वजह से सीवर का गंदा पानी आगे नहीं जा रहा है और ओवरफ्लो होकर गली में ही गंदा पानी फैल रहा है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता से शिकायत की थी। कार्यकारी अभियंता ने मौका मुआयना कर ठेकेदार से तत्काल बकेट मशीन से बंद पड़ी सीवरलाइन को खोलने के निर्देश दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.