Bhiwani News: भिवानी में सड़कों पर गाय छोड़ने वालों की खैर नहीं, ₹5100 जुर्माना

भिवानी नगर परिषद का बड़ा एक्शन: एक माह में 670 गायें पकड़ीं। दूध निकालकर सड़क पर पशु छोड़ने वालों पर ₹5100 का जुर्माना। शहर को 'नंदी मुक्त' करने का भी लक्ष्य।

भिवानी। शहर में सड़कों पर छोड़ी जा रही दुधारू गायों के खिलाफ नगर परिषद ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक माह में 670 गायों को पकड़कर गोशालाओं में भेजा है और उन्हें छुड़वाने पर पशुपालकों पर 5100 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए यह अभियान तेज किया गया है।

दरअसल शहर में बेसहारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है जिससे सड़क हादसे भी आम हो गए हैं। नगर परिषद के अभियान के बावजूद समस्या पूरी तरह काबू में नहीं आ रही। जांच में सामने आया है कि सड़कों पर घूम रहे पशुओं में बड़ी संख्या घरेलू दुधारू गायों की है जिन्हें पशुपालक सुबह दूध निकालने के बाद शहर में छोड़ देते हैं और शाम को वापस ले जाते हैं। ये गाय दिनभर कूड़े-कचरे व प्लास्टिक में मुंह मारती रहती हैं और राहगीरों व वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनती हैं।

इसी समस्या को देखते हुए नगर परिषद द्वारा विशेष अभियान चलाया गया जिसके तहत करीब एक माह में 670 गायों को पकड़कर गोशालाओं में भेजा गया। गोशाला से गाय छुड़वाने पहुंचे पशुपालकों पर 5100 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है।

गोशालाओं को पशुओं की श्रेणी के अनुसार होगा भुगतान
सड़कों पर बढ़ती बेसहारा पशुओं की संख्या को देखते हुए सरकार द्वारा गोशालाओं को अपने स्तर पर पशु पकड़ने के आदेश जारी किए गए हैं। जो गोशालाएं अपने स्तर पर पशु पकड़ेंगी उन्हें पशुओं की श्रेणी के अनुसार 400, 600 और 800 रुपये का भुगतान किया जाएगा। इसके लिए पकड़े गए पशुओं की फोटो, टैगिंग और रिकॉर्ड रखना अनिवार्य होगा जिसके आधार पर बजट जारी किया जाएगा।

अगले एक माह में नंदी मुक्त होगा शहर
नगर परिषद ने शहर को नंदियों से मुक्त करने की भी योजना बनाई है। इसके तहत अगले एक माह में शहर में घूम रहे 600 से 800 नंदियों को पकड़ने का लक्ष्य रखा गया है ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।

सड़कों पर घूमते बेसहारा पशुओं से लोगों को मुक्ति दिलाने के लिए सरकार द्वारा हाल ही में गोशालाओं को अपने स्तर पर पशु पकड़ने के आदेश जारी किए गए हैं। गोशालाएं पशुओं को पकड़कर उनकी फोटो, टैगिंग व रिकॉर्ड रखेंगी जिसके आधार पर सरकार द्वारा भुगतान किया जाएगा। जिले में सरकार से पंजीकृत 35 गोशालाएं हैं।

नगर परिषद द्वारा शहर में बेसहारा पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान टीम ने शहर में घूमती करीब 670 घरेलू दुधारू गायों को पकड़ा है। गायों को गोशाला से छुड़वाने पर पशुपालकों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। नगर परिषद शहरवासियों से अपील करती है कि पशुपालक दूध निकालने के बाद गायों को शहर में न छोड़ें क्योंकि ये कूड़ा-कचरा खाती हैं जिससे इनके दूध के विषैला होने की संभावना रहती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.