Bhiwani Water Supply Update: भिवानी में ₹137 करोड़ से सुधरेगी पेयजल व्यवस्था; 29 बूस्टिंग स्टेशनों का होगा कायाकल्प, अमृत-2 के तहत टेंडर जारी

भिवानी शहर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने ₹137 करोड़ की तीन DNIT मुख्यालय भेजी हैं। इसके तहत 13 कॉलोनियों में नई पाइपलाइन, 29 बूस्टिंग स्टेशनों का सुदृढ़ीकरण और निनान जलघर में नए टैंक का निर्माण होगा। जानें किन इलाकों को मिलेगा लाभ।

भिवानी। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहरी दायरे की पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए तीन अलग-अलग डीएनआईटी (विस्तृत निविदा आमंत्रण सूचना) मुख्यालय को भेजी हैं। विभाग अमृत द्वितीय चरण के तहत जलघरों, बूस्टरों और रॉ वाटर पंपिंग स्टेशनों की क्षमता बढ़ाने का कार्य करेगा। मुख्यालय से मंजूरी मिलने के लगभग दस दिन बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। विभाग ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद वर्क ऑर्डर अलॉट कर कार्य शुरू कराया जाएगा।

शहरी दायरे में करीब 13 से अधिक बाहरी कॉलोनियों में नई पेयजल लाइन डाली जाएगी। शहर के सभी बूस्टिंग स्टेशनों और तीन मुख्य जलघरों की मशीनरी को अपग्रेड किया जाएगा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की शहरी पेयजल शाखा की ओर से तीन अलग-अलग डीएनआईटी मुख्यालय को भेजी गई हैं। पहली डीएनआईटी में नौ करोड़ की लागत से रॉ वाटर सिस्टम को मजबूत किया जाएगा। इसके तहत जलघरों के टैंकों को भरने के लिए नहरों पर बने पंपिंग स्टेशनों की क्षमता दोगुनी की जाएगी। मशीनरी को हटाकर नई मशीनरी लगाई जाएगी।

दूसरी डीएनआईटी में पुराने जलघरों और शहर के करीब 29 बूस्टिंग स्टेशनों की मशीनरी अपग्रेड की जाएगी। इस पर 73 करोड़ का अनुमानित बजट है। इसके अलावा नए इलाकों में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन डाली जाएगी। तीसरी डीएनआईटी में निनान जलघर में नया पानी का टैंक निर्माण होगा, मशीनरी अपग्रेड होगी और डाबर कॉलोनी के सभी पुराने टैंकों की सफाई कराई जाएगी। अनुमानित लागत करीब 55 करोड़ है। तीनों डीएनआईटी की मंजूरी के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

डाबर कॉलोनी और मेडिकल कॉलेज के लिए बनेगा नया बूस्टर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मेडिकल कॉलेज के लिए हांसी रोड पर बूस्टर का निर्माण करेगा। डाबर कॉलोनी के लिए लोहारू रोड के विश्वकर्मा मंदिर के पास नया बूस्टर बनाया जाएगा। पहले देवनगर कॉलोनी के लिए भी बूस्टर का प्रस्ताव था लेकिन जगह न मिलने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया।

शहर के विभिन्न बूस्टरों का होगा सुदृढ़ीकरण
शहर के निनान जलघर से संबंधित डिफेंस कॉलोनी बूस्टर, बैंक कॉलोनी बूस्टर, एमसी कॉलोनी बूस्टर, विकास नगर बूस्टर, डोभी तालाब बूस्टर और ढाणा रोड बूस्टर का सुदृढ़ीकरण होगा। महम रोड पुराना जलघर के विद्या नगर बूस्टर, लोहड़ बूस्टर, डीसी कॉलोनी बूस्टर का सुदृढ़ीकरण कार्य कराया जाएगा। डाबर जलघर के दादरी रोड बूस्टर, हनुमान ढाणी बूस्टर, लाजपत नगर बूस्टर, टीआईटी बूस्टर, लेबर कॉलोनी बूस्टर, बीटीएम बूस्टर, बंसीलाल पार्क बूस्टर, दुर्गा कॉलोनी बूस्टर, पीपलीवाली जोहड़ी बूस्टर का सुदृढ़ीकरण कार्य शामिल है। इसके अलावा पुराने शहर के पतराम गेट बूस्टर, खाकी बाबा बूस्टर, रामगंज मोहल्ला बूस्टर, न्यू हाउसिंग बोर्ड बूस्टर, अनाज मंडी बूस्टर, जीतुवाला जोहड़ बूस्टर, नेहरू पार्क बूस्टर पर भी मशीनरी को अपग्रेड किया जाएगा।

शहरी दायरे में पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए तीन अलग-अलग डीएनआईटी मुख्यालय भेजी गई हैं। मुख्यालय से मंजूरी के बाद करीब दस दिन बाद टेंडर होंगे। अमृत द्वितीय चरण के तहत शहरी दायरे में पेयजल आपूर्ति के सुदृढ़ीकरण कार्य के चलते जलघरों और बूस्टरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी वहीं रॉ वाटर पंपिंग स्टेशनों का भी सुदृढ़ीकरण होगा। अब इस कार्य में कोई रुकावट नहीं है, टेंडर प्रक्रिया के बाद जल्द ही वर्क ऑर्डर अलॉट कर काम शुरू किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.