Bhopal News: खेल मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में चोरी, मेडल-ट्रॉफी गायब
भोपाल के वीआईपी इलाके में बड़ी सेंधमारी! खेल मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी आवास से मेडल और ट्रॉफियां चोरी। टीटी नगर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वीआईपी इलाके में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. हैरानी की बात ये है कि चोरों ने इस बार किसी आम घर को नहीं, बल्कि प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी आवास को निशाना बनाया. घटना को 2 और 3 अप्रैल की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने अंजाम दिया. मंत्री आवास से चोर कई कीमती सामान चोरी कर ले गए.
स्टाफ ने पुलिस को दी सूचना
सुबह जब स्टाफ की नजर स्टोर रूम पर पड़ी, तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए. कीमती सामान गायब था, तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने जांच शुरू की. टीटी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी गौरव दोहरे के मुताबिक, स्टोर रूम के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, लेकिन आसपास के इलाकों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके.
मंत्री के घर चोरी
मंत्री के बंगले में चोरी की इस वारदात के बाद सियासत भी गरमा रही है. कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरौलिया ने कहा कि जब मंत्री का सरकारी आवास ही सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा कितनी मजबूत है? प्रदेश में आमजन ही नहीं मंत्रियों के घर भी आरक्षित है. इससे अंदाजा लगाइए कि गृह विभाग पुलिस प्रशासन क्या काम कर रहा है?