आजकल लोगों के बीच बाहर जाकर खाने-पीने का चलन तेजी से बढ़ा है. शहरों में आपको जगह-जगह कैफे और रेस्टोरेंट देखने को मिल जाते हैं, जहां लोग अपने दोस्तों, परिवार या सहकर्मियों के साथ समय बिताने के लिए पहुंचते हैं. कई बार लोग किसी से मिलने या छोटी-सी पार्टी करने के लिए भी इन जगहों को चुनते हैं. हालांकि ज्यादातर लोग कैफे और रेस्टोरेंट दोनों जगहों पर जाते तो हैं, लेकिन इन दोनों के बीच का असली फर्क बहुत कम लोग ही जानते हैं. अक्सर देखा जाता है कि लोग कैफे और रेस्टोरेंट शब्दों का इस्तेमाल एक ही मतलब में कर लेते हैं, जबकि हकीकत में दोनों की अपनी अलग पहचान और खासियत होती है.
किसी जगह को कैफे कहा जाता है तो किसी को रेस्टोरेंट, और इसके पीछे कई वजहें होती हैं. इन जगहों का माहौल, मेन्यू, सर्विस स्टाइल और यहां आने वाले लोगों का एक्सपीरियंस भी काफी हद तक अलग हो सकता है. अगर आप भी इन दोनों को एक ही समझते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए है. यहां हम कैफे और रेस्टोरेंट के बीच का अंतर जानेंगे.
कैफे और रेस्टोरेंट में सबसे पहला अंतर मेन्यू का होता है. कैफे में आमतौर पर कॉफी, चाय, कोल्ड ड्रिंक, सैंडविच, पेस्ट्री, बर्गर और हल्के स्नैक्स जैसे आइटम मिलते हैं. वहीं रेस्टोरेंट में पूरा भोजन परोसा जाता है, जिसमें दाल, सब्जी, रोटी, चावल, नॉन-वेज डिश और कई तरह की खास डिश शामिल होती हैं.
कैफे का माहौल आमतौर पर कंफर्टेबल और केजुअल होता है. लोग यहां बैठकर कॉफी पीते हुए बातचीत करते हैं या काम भी कर लेते हैं. दूसरी ओर रेस्टोरेंट का माहौल थोड़ा फॉर्मल हो सकता है, जहां लोग खास तौर पर खाना खाने के लिए जाते हैं.
कैफे में लोग अक्सर ज्यादा देर तक बैठकर समय बिताते हैं. कई लोग यहां पढ़ाई करते हैं, लैपटॉप पर काम करते हैं या दोस्तों के साथ लंबी बातचीत करते हैं. जबकि रेस्टोरेंट में लोग आमतौर पर खाना खाने आते हैं और भोजन खत्म होने के बाद चले जाते हैं.
कैफे में कई बार सेल्फ-सर्विस या काउंटर से ऑर्डर लेने की व्यवस्था ज्यादा देखने को मिलती है. वहीं रेस्टोरेंट में वेटर टेबल पर आकर ऑर्डर लेते हैं और खाना सर्व करते हैं, जिससे सर्विस थोड़ी ज्यादा फॉर्मल और ऑर्गनाइज लगती है.
कैफे में आमतौर पर हल्के स्नैक्स और पेय पदार्थ होते हैं, इसलिए वहां खर्च अमूमन कम हो सकता है. वहीं रेस्टोरेंट में पूरा भोजन और अलग-अलग डिश मिलने की वजह से खर्च थोड़ा ज्यादा हो सकता है.
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.