Crime News: 16 आईफोन चुराकर फरार हुआ शातिर चोर, एक गलती ने पहुँचाया सलाखों के पीछे; ट्रेन से हुई गिरफ्तारी
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में मोबाइल दुकान से 16 आईफोन चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. आरोपी आकाश चौहान को रायपुर के पास चलती ट्रेन से गिरफ्तार किया गया.
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हुई मोबाइल चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान से 16 महंगे आईफोन चोरी होने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को कोतवाली और साइबर थाने पुलिस की संयुक्त टीम ने रायपुर के पास चलती ट्रेन से दबोचा.
बीते 9 मार्च की रात दुकान संचालक मोहम्मद फारुक रोजाना की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे. अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब उन्होंने दुकान खोली तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए. दुकान से 16 आईफोन गायब थे. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू की गई.
खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की. जांच के दौरान एक अहम सुराग तब मिला, जब आरोपी ने चोरी किए गए आईफोन में से एक को रायपुर में चालू कर दिया। साइबर टीम ने तुरंत फोन की लोकेशन ट्रेस की, जिससे आरोपी तक पहुंचने का रास्ता साफ हो गया.
साइबर सेल की टीम रायपुर पहुंची, जहां पता चला कि आरोपी ट्रेन के जरिए रायगढ़ लौट रहा है. इसके बाद पुलिस ने रणनीति बनाते हुए घेराबंदी की और चलती ट्रेन में ही दबिश देकर आरोपी आकाश चौहान को गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई बेहद साहसिक और सटीक मानी जा रही है.
चोरी किए गए आईफोन बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से 15 चोरी किए गए आईफोन, एक बाइक और एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा है. पूछताछ में आकाश चौहान ने न केवल सेल स्पॉट दुकान में चोरी करना कबूल किया, बल्कि शहर की दो अन्य दुकानों में भी वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने चोरी किए गए एक आईफोन को लकेश्वर चंद्र, निवासी सोनुमुड़ा, को दे दिया था. पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है.
इसके अलावा, आरोपी ने जनवरी महीने में बोईरदादर चौक स्थित साहा मोबाइल दुकान में अपने साथियों के साथ मिलकर करीब 2.25 लाख रुपये के मोबाइल फोन और नकदी चोरी करने की वारदात को भी अंजाम दिया था. पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा.