Delhi News: क्या दिल्ली में सुरक्षित नहीं हैं बाइक टैक्सी? ड्राइवर ने महिला सवारी से की छेड़खानी, विरोध पर हुआ फरार

दिल्ली में 12 मार्च को एक बाइक चालक ने रोहिणी से पीतमपुरा जा रही महिला के साथ सफर के दौरान छेड़छाड़ की. ड्राइवर एक नामी ऑनलाइन कैब सर्विस में काम करता है.

देश की राजधानी में ऐप आधारित टैक्सी और बाइक सेवाओं में महिलाओं की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है. रोहिणी से पीतमपुरा के लिए ऑनलाइन बाइक बुक करने वाली एक महिला के साथ चालक द्वारा छेड़छाड़, बदसलूकी और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना 12 मार्च की दोपहर करीब 1:28 बजे की है. पीड़िता ने रोहिणी सेक्टर-15 से पीतमपुरा के एमपी ब्लॉक मार्केट जाने के लिए ऑनलाइन कैब ऐप के जरिए एक बाइक बुक की थी.

ऐप पर बाइक चालक का नाम सचिन दिखाई दे रहा था. पीड़िता के अनुसार, सफर शुरू होने के कुछ ही देर बाद चालक की नीयत बदल गई और उसने गलत हरकतें शुरू कर दीं. पीड़िता का आरोप है कि चालक सचिन उसे बार-बार गलत तरीके से छूने लगा. जब महिला ने कड़ा विरोध किया और दूरी बनाए रखने को कहा, तो आरोपी ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी. वह जानबूझकर बार-बार अचानक ब्रेक लगाने लगा ताकि महिला का संतुलन बिगड़े. इस दौरान जब महिला ने बाइक रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसे पीछे से पकड़ लिया और छेड़छाड़ की.

रास्ता बदलकर सुनसान जगह ले जाने की कोशिश

हद तो तब हो गई जब आरोपी चालक ने तय रास्ते को छोड़कर बाइक को दूसरी दिशा में मोड़ दिया. पीड़िता ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे चुप रहने और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी. चालक उसे किसी सुनसान जगह ले जाने की फिराक में था.

हिम्मत दिखाकर बचाई जान

डरी हुई महिला ने घबराने के बजाय हिम्मत दिखाई और जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया. उसने धमकी दी कि अगर बाइक नहीं रोकी तो वह चलती बाइक से ही कूद जाएगी. पकड़े जाने के डर से आरोपी चालक ने पीतमपुरा के एफ-यू ब्लॉक स्थित सर्वोदय विद्यालय के पास बाइक रोकी और महिला को वहीं छोड़कर फरार हो गया. पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और ऐप के जरिए आरोपी चालक की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की तलाश में जुटी है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.