Delhi News: दिल्ली के रूप नगर में बड़ा हादसा; नाले पर बना 60 फुट लंबा लोहे का पुल गिरा, दबने से एक महिला की मौत

दिल्ली के रूप नगर में मंगलवार सुबह 60 फुट लंबा लोहे का पुल गिरने से एक 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई. हादसा सुबह 9:30 बजे हुआ, जिसके बाद NDRF और DFS ने शव को नाले से बाहर निकाला.

देश की राजधानी दिल्ली से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. मंगलवार सुबह रूप नगर इलाके में एक नाले पर बना करीब 60 फुट लंबा लोहे का भारी-भरकम पुल अचानक भरभरा कर गिर गया. इस हादसे की चपेट में आने से एक 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारियों के मुताबिक, ये हादसा सुबह करीब 9:30 बजे हुआ. पुल गिरने के दौरान वहां मौजूद एक 50 वर्षीय महिला (जो भिखारी बताई जा रही है) मलबे के साथ सीधे नीचे गहरे नाले में जा गिरी. सूचना मिलते ही फायर टेंडर और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. डॉक्टरों ने उसे मौके पर ही मृत घोषित कर दिया.

NDRF और पुलिस का संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की गंभीरता को देखते हुए नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), दिल्ली पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियों को तुरंत तैनात किया गया. अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो. फिलहाल पुल गिरने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रशासन ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं.

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने किया ट्वीट

इस घटना पर आम आदमी पार्टी के नेता और मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भी दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया (X) पर घटना का वीडियो साझा करते हुए लिखा- रूपनगर में लोहे का पुल गिरने से जान-माल का नुकसान हुआ है. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुल के ध्वस्त ढांचे को देखा जा सकता है.

दिल्ली में पहले भी हुए हैं ऐसे हादसे

दिल्ली में बुनियादी ढांचे की विफलता का यह पहला मामला नहीं है. इसी साल फरवरी में पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड के एक खुले गड्ढे में गिरने से एक मोटरसाइकिल सवार की जान चली गई थी. वो युवक करीब 12 घंटे तक गड्ढे में पड़ा रहा था, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी. रूप नगर की इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली के पुराने ढांचों की मजबूती और रखरखाव पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.