Delhi Police: दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम, ISI मॉड्यूल के 11 जासूस गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने ISI के बड़े जासूसी और हथियार तस्करी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़। 11 गिरफ्तार, संवेदनशील ठिकानों पर लगाए थे CCTV। आतंकी साजिश नाकाम।
दिल्ली : दिल्ली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अंतरराज्यीय जासूसी और हथियार तस्करी के बड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है, जो कथित रूप से ISI द्वारा संचालित किया जा रहा था। इस ऑपरेशन के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से कुल 10-11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने देशभर में 9 संवेदनशील लोकेशनों पर CCTV कैमरे लगाए थे। ये कैमरे सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाने के उद्देश्य से लगाए गए थे, जिससे देश की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता था। पुलिस के अनुसार यह मॉड्यूल दिल्ली में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा था। समय रहते कार्रवाई कर इस संभावित खतरे को टाल दिया गया।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से सोलर पावर से चलने वाले CCTV कैमरे, विदेशी और देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और कई संदिग्ध सिम कार्ड भी जब्त किए हैं।
स्पेशल सेल अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के तार और किन-किन राज्यों या देशों से जुड़े हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों को फंडिंग और तकनीकी सहायता कहां से मिल रही थी। दिल्ली पुलिस का कहना है कि देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।