Drunk and Drive: शराब पीकर चलाई गाड़ी तो मिली अनोखी सजा; अब चौराहे पर लोगों को ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के नुकसान बता रहा युवक
चिक्कामगलुरु में ट्रैफिक नियम तोड़ने पर अदालत ने अनोखा फैसला सुनाया. आरोपी को पूरे दिन चौराहे पर यातायात जागरूकता बोर्ड लेकर खड़े रहने का आदेश दिया गया.
देशभर में समय-समय पर यातायात पुलिस जागरूकता अभियान चलाती रहती है. बावजूद इसके कुछ लोगों की यातायात नियमों का उल्लंघन करने की आदत बन गई है. उन्हें लगता है कि अगर वह पकड़े भी जाएंगे तो सिर्फ जुर्माना देकर छूट जाएंगे. हालांकि, कर्नाटक के चिक्कामगलुरु में ट्रैफिक नियम का उल्लंघन करने पर एक व्यक्ति को अनोखी सजा सुनाई गई है. कोर्ट ने शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले एक व्यक्ति को सजा के तौर पर यातायात नियमों का बोर्ड लेकर चौराहे पर खड़ा रहने का निर्देश दिया.
जानकारी के अनुसार, चिक्कामगलुरु के कादुर तालुक के बिसालेहल्ली गांव के रंजीत कुमार के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने शराब के नशे में बाइक चलाने का मामला दर्ज किया गया था. मामले की सुनवाई के दौरान, कादुर न्यायिक परिषद (जेएमएफसी) की अदालत ने आदेश देते हुए कहा कि रंजीत कुमार को आज सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक यातायात नियमों का बोर्ड लेकर सड़क पर खड़ा रहना होगा.
कोर्ट ने सुनाई अनोखी सजा
बताया जा रहा है कि आरोपी रंजीत कुमार ने सुनवाई के दौरान अपनी गलती स्वीकार भी कर ली. अदालत ने रंजीत को मंगलवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मारवांजी सर्कल-मल्लेश्वरा सर्कल पर यातायात नियमों की तख्ती लेकर खड़े रहने का आदेश दिया है और यह सुनिश्चित करने के लिए एक पुलिसकर्मी तैनात करने का भी निर्देश दिया, जिसका काम रंजीत की निगरानी करना है.
एक पुलिसकर्मी की भी तैनाती
अदालत ने पुलिसकर्मी को शाम 5 बजे के बाद कोर्ट को यह रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया है कि रंजीत ने अदालत के आदेश का पालन किया है या नहीं. आदेश के मद्देनजर, रंजीत मारवांजी सर्कल पर तख्ती लेकर खड़ा है और पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं. इस घटना की पूरे इलाके में खूब चर्चा हो रही है. कोर्ट ने इस तरह की सजा के जरिए लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया है.
साथ ही उन लोगों को भी तगड़ा जवाब दिया है, जो यह समझते है कि नियमों नियमों की अनदेखी करने पर जुर्माना देकर बच जाएंगे. शराब पीकर बाइक चलाने वाले व्यक्ति अब ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के नुकसान बताता नजर आ रहा है.