Faridabad Factory Fire: फरीदाबाद अग्निकांड में मौतों का आंकड़ा बढ़ा, 7वें दिन एक और फायरकर्मी ने तोड़ा दम, अब तक 6 की मौत

फरीदाबाद सेक्टर-24 अग्निकांड के 7वें दिन एक और दुखद खबर। केमिकल ड्रम ब्लास्ट में झुलसे फायरकर्मी रणबीर की इलाज के दौरान मौत। हादसे में अब तक पुलिसकर्मी और दमकलकर्मियों सहित 6 लोग गंवा चुके हैं अपनी जान। पढ़ें मृतकों की पूरी सूची और हादसे का अपडेट।

फरीदाबाद   : फरीदाबाद के सेक्टर-24 स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में हुए भीषण अग्निकांड और केमिकल ड्रम ब्लास्ट ने सात दिनों में छह जिंदगियां छीन ली हैं। रविवार देर रात इस हादसे में गंभीर रूप से घायल 48 वर्षीय फायर ब्रिगेड कर्मचारी रणबीर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रणबीर गांव अटाली के निवासी थे और आग बुझाने के दौरान बुरी तरह झुलस गए थे। उनकी मौत के साथ मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।

यह दर्दनाक हादसा 16 फरवरी सोमवार को शाम करीब 4:30 बजे मुजेसर क्षेत्र में स्थित शिव स्टील और कालकाजी लुब्रिकेंट केमिकल वर्कशॉप में हुआ था। आग लगने के बाद वर्कशॉप में रखे केमिकल से भरे ड्रमों में एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 35 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सभी घायलों को तुरंत निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि कई गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया।

हादसे के चौथे दिन वर्कशॉप मालिक के 25 वर्षीय बेटे अभिषेक मोंगा और कर्मचारी प्रदीप की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पांचवें दिन फायर ब्रिगेड कर्मचारी भविचंद्र ने दम तोड़ा। छठे दिन मुजेसर थाने में तैनात पीएसआई रवि की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। उसी अस्पताल में एक घंटे के भीतर मथुरा निवासी 21 वर्षीय ब्रिजपाल ने भी दम तोड़ दिया था। अब सातवें दिन फायर ब्रिगेड कर्मचारी रणबीर की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा छह पहुंच गया है। लगातार हो रही मौतों से पुलिस विभाग, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन में शोक की लहर है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.