Fatehabad News: फतेहाबाद ट्रेजरी विभाग का क्लर्क रिश्वत लेते गिरफ्तार; दवाइयों के बिल पास करने के बदले मांगे थे ₹3000

फतेहाबाद में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की बड़ी कार्रवाई! ट्रेजरी विभाग के लिपिक हीरालाल को ₹39,000 के दवा बिल पास करने के बदले ₹3,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। एसीबी ने लघु सचिवालय परिसर में जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा।

फतेहाबादः भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने ट्रेजरी विभाग के एक लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि लिपिक ने दवाइयों के बिल पास करने के बदले तीन हजार रुपये की मांग की थी। बुधवार को टीम ने लघु सचिवालय परिसर में जाल बिछाकर उसे रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार जवाहर चौक स्थित पशु अस्पताल में कार्यरत पशुधन विकास सहायक सुनील बिश्नोई ने करीब 39 हजार रुपये की दवाइयों की खरीद की थी। नियमानुसार इन दवाइयों के बिल भुगतान के लिए ट्रेजरी विभाग में भेजे गए थे। आरोप है कि ट्रेजरी में तैनात लिपिक हीरालाल इन बिलों को पास करने में टालमटोल कर रहा था। बताया जा रहा है कि जब सुनील बिश्नोई ने बिलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली तो लिपिक ने साफ तौर पर कहा कि बिल पास कराने के लिए तीन हजार रुपये देने होंगे।

रिश्वत की मांग से परेशान होकर सुनील विश्नोई ने इस बारे में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को शिकायत दी। ब्यूरो की टीम ने पूरे मामले की जांच की और आरोप की पुष्टि होने पर कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार को टीम ने शिकायतकर्ता को तीन हजार रुपये देकर ट्रेजरी कार्यालय भेजा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.