Gurugram: खाटू श्याम महायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, हेलीकॉप्टर से हुई फूलों की बारिश
गुरुग्राम में खाटू श्याम की भव्य महायात्रा का आयोजन किया गया. इस दौरान श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर के जरिए पुष्प वर्षा भी की गई.
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में खाटू श्याम जी के लिए आस्था और श्रद्धा की अनोखी मिसाल देखने को मिली. दरअसल, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने फाल्गुन माह में पैदल महायात्रा की शुरुआत की. सेक्टर-21 से आरंभ हुई इस महायात्रा में लाखों श्रद्धालु शामिल हुए. शहर के अलग-अलग हिस्सों से यात्रा का भव्य स्वागत किया गया. वहीं, हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुष्प वर्षा ने इस यात्रा को और भी ऐतिहासिक बना दिया.
हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा: गुरुग्राम से राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर तक पैदल महायात्रा की शुरुआत रविवार को सेक्टर-21 से की गई. इस महायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे रास्ते भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं. माता शीतला मंदिर से लेकर सदर बाजार तक हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई. जिससे यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह और जोश देखने को मिला.
शहीदों को भी नमन: वहीं, विधायक मुकेश शर्मा की मानें तो यह गुरुग्राम की जनता का प्यार और खाटू श्याम जी का आशीर्वाद है. जिसने इस यात्रा को महायात्रा का रूप दिया है. महायात्रा के दौरान विधायक मुकेश शर्मा ने रेजांगला चौक पहुंचकर शहीदों को नमन किया.
विधायक मुकेश शर्मा ने बताया कि “इस महायात्रा में करीब 5 लाख श्रद्धालु शामिल हुए हैं. विधायक ने कहा कि जनता के सहयोग और खाटू श्याम बाबा के आशीर्वाद से उन्हें निरंतर ऊर्जा मिलती है”.