Gurugram Sextortion Case: गुड़गांव में इंस्टाग्राम पर बना ‘हनीट्रैप’ गैंग; लैब टेक्नीशियन को बंधक बना उतारे कपड़े, लाखों की वसूली, 3 गिरफ्तार

गुड़गांव पुलिस ने सेक्सटॉर्शन गिरोह का भंडाफोड़ कर एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर इन्होंने लैब टेक्नीशियन को जाल में फंसाया, उसकी नग्न वीडियो बनाई और स्कॉर्पियो में घुमाकर लाखों रुपए वसूले। जानें पूरी वारदात।

गुड़गांव :  Instagram पर दोस्ती कर तीन लोगों ने सेक्सटॉर्शन का गैंग बना लिया। इस गैंग के जरिए उन्होंने युवाओं को फंसाना शुरू किया और उनकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। तीनों ने अपने जाल में फंसने वाले लोगों से न केवल मारपीट की बल्कि उनसे लाखों रुपए भी ट्रांसफर करा लिए। एक पीड़ित ने जब सेक्टर-37 थाना पुलिस को इसकी सूचना दी तो पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इन आरोपियों में से दो को सती चौक से गिरफ्तार किया गया जिनकी पहचान हरीश यादव उर्फ मोनू निवासी गांव काहनावास जिला अलवर राजस्थान व श्याम सुंदर उर्फ अशोक निवासी गांव खैरोली जिला महेंद्रगढ़ के रूप में हुई। वहीं, इन दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद आरोपी ज्योति निवासी गांव ताज नगर गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों की उम्र लगभग 24 वर्ष है। आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि तीनों आरोपियों की जान पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। इसके बाद इन्होंने पैसे कमाने के लिए एक साजिश के तहत योजना बनाई थी। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 1 लाख 63 हजार रुपए, वारदात में प्रयोग की गई स्कॉर्पियो गाड़ी व 4 मोबाइल बराम किए हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

आपको बता दें कि 6 मार्च को एक व्यक्ति ने सेक्टर-37 थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि यह सेक्टर-83 में लैब में बतौर टेकनीशियन का काम करता है। 25 फरवरी को यह AVL 36 सोसाइटी मोहम्मदपुर में ज्योति नामक महिला का ब्लड सैंपल लेने गया था। उस महिला ने ब्लड रिपोर्ट के लिए इसका मोबाइल नंबर ले लिया था। इसके बाद इन दोनों की आपस में बात होने लगी तथा वह महिला इससे मिलने की कहने लगी। इसके बाद 2 मार्च को यह फिर से उस महिला का ब्लड सैंपल लेने गया। उस महिला के फ्लैट में जाने के कुछ समय बाद उस महिला ने फ्लैट का दरवाजा खोलकर छोड़ दिया। तभी वहां पर दो व्यक्ति आए तथा इसके साथ मारपीट करते हुए इसके कपड़े उतार कर इसकी नग्न वीडियो बना ली तथा इसको ब्लैकमेल करके इससे रुपए ट्रांसफर करवा लिए तथा झूठ रेप केस में फसाने की धमकी देने लगे।

इसके बाद वे व्यक्ति इसको स्कॉर्पियो गाड़ी में लेकर गए तथा इसको झूठे केस में फसाने का डर दिखाकर इससे रुपए ट्रांसफर करवाएं तथा 5 लाख रुपए और देने की कहने लगे। उस दिन के बाद से वे व्यक्ति फोन करके लगातार इस पर रुपए का दबाव बना रहे थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करते हुए मामले की जांच के दौरान इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ओर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह लोग पहले और कितनी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.