Hardoi News: हरदोई में आकाशीय बिजली का कहर; खेत में काम कर रहे किसान की मौत, दो मासूम बेटे गंभीर रूप से झुलसे

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के खैरुद्दीनपुर राजा साहब गांव में खेत में काम कर रहे किसान पर आकाशीय बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई, जबकि उनके दो बेटे गंभीर रूप से झुलस गए.

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में आकाशीय बिजली की घटना सामने आई है. खेत में काम कर रहे एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो मासूम बेटे गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. ग्रामीणों के मुताबिक सब कुछ पल भर में हो गया और किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

यह घटना हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र के खैरुद्दीनपुर राजा साहब गांव की है. गांव निवासी 45 वर्षीय अवधेश सिंह रविवार को अपने दो बेटों शोभित और अमन के साथ खेत पर गए थे. बताया जा रहा है कि क्षेत्र में बारिश होने की संभावना थी, इसलिए वह खेत में खुदी पड़ी आलू की फसल को बचाने के लिए उसे पन्नी से ढकने का काम कर रहे थे. इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज गर्जना के साथ बिजली चमकने लगी.

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इससे पहले कि अवधेश सिंह और उनके बेटे सुरक्षित स्थान पर पहुंच पाते, अचानक आकाशीय बिजली खेत में गिर पड़ी. बिजली की चपेट में आने से तीनों बुरी तरह झुलस गए और खेत में ही गिर पड़े. तेज आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे किसान मौके की ओर दौड़े और परिजनों को घटना की सूचना दी. इसके बाद परिवार के लोग और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर ले गए.

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद अवधेश सिंह को मृत घोषित कर दिया. वहीं उनके दोनों बेटे शोभित और अमन गंभीर रूप से झुलसे हुए थे, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक बच्चों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.

परिजनों के अनुसार अवधेश सिंह अपने परिवार के मुख्य सहारा थे और खेती करके ही पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके परिवार में पत्नी स्नेहलता और छह बेटे हैं. अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है. घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

पुलिस मामले की जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. अरवल थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि अवधेश सिंह मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे और गांव में सभी के साथ अच्छे संबंध रखते थे. अचानक हुई इस घटना से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.