Haryana Congress Crisis: हरियाणा कांग्रेस को बड़ा झटका, कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने दिया इस्तीफा; जानें वजह
हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है. यह इस्तीफा राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद सामने आया है, जहां कांग्रेस के कुछ विधायकों पर क्रॉस-वोटिंग के आरोप लग रहे हैं.
कांग्रेस के कद्दावर नेता और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेज दिया है. दरअसल, यह इस्तीफा राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद सामने आया है, जहां कांग्रेस के कुछ विधायकों पर क्रॉस-वोटिंग के आरोप लग रहे हैं.
बता दें कि हाल ही में हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव हुए. आरोप है कि कांग्रेस के कुछ विधायकों ने अपनी पार्टी के उम्मीदवार को वोट देने के बजाय बीजेपी समर्थित उम्मीदवार को वोट दे दिया. सूत्रों के मुताबिक, रामकिशन गुर्जर की पत्नी और नारायणगढ़ से विधायक शैली चौधरी पर राज्यसभा चुनाव में पार्टी लाइन से हटकर क्रॉस-वोटिंग करने का आरोप लग रहा है.
शैली चौधरी भी जल्द दे सकती हैंइस्तीफा
चर्चा ये भी है कि शैली चौधरी भी जल्द ही पार्टी से इस्तीफा दे सकती हैं. सूत्रों के मुताबिक, शैली चौधरी सहित पांच विधायकों पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लग रहा है. कांग्रेस पार्टी इन विधायकों पर कार्रवाई कर सकती है. खरगे को भेजे अपने इस्तीफे में रामकिशन गुर्जर ने पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त होने की इच्छा जताई है. गुर्जर को पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा का बेहद करीबी माना जाता है.