Haryana Rajya Sabha: ‘यह कमेरे और व्यापारी की लड़ाई है’; दिग्विजय चौटाला का हुड्डा पर बड़ा हमला, भाई कर्ण चौटाला को भी दी नसीहत

जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने हरियाणा राज्यसभा चुनाव को 'कमेरे बनाम व्यापारी' की जंग बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तीसरा उम्मीदवार भाजपा-कांग्रेस का षड्यंत्र है। साथ ही उन्होंने अपने भाई कर्ण चौटाला को नसीहत देते हुए इनेलो और भूपेंद्र हुड्डा पर तीखा प्रहार किया।

भिवानी। हांसी रैली का निमंत्रण देने भिवानी पहुंचे जेजेपी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि राज्यसभा की दो सीटों पर तीसरे निर्दलीय प्रत्याशी का मैदान में उतरना भाजपा और कांग्रेस का षड्यंत्र है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और इनेलो पर निशाना साधते हुए अपने चचेरे भाई कर्ण चौटाला को भी नसीहत दी।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि कुछ लोग ईडी और सीबीआई के डर से पहले ही सरेंडर कर चुके हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का नाम लिए बिना यह टिप्पणी की। उन्होंने यह भी कहा कि इस चुनाव में इनेलो पूरी तरह से बेनकाब होगी और इसके बाद वह हरियाणा में राजनीति करने की हकदार नहीं रहेगी।राज्यसभा चुनाव को लेकर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि यह कमेरे (कर्मबीर बौद्ध) और व्यापारी (सतीश नांदल) की लड़ाई है।
यदि व्यापारी जीतता है तो हरियाणा में पूंजीवाद हावी हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि उनका विधानसभा में वोट होता तो वह कमेरे वर्ग के उम्मीदवार कर्मबीर बौद्ध को देते। दिग्विजय चौटाला ने अपने चचेरे भाई कर्ण चौटाला द्वारा जेजेपी की रैली की तारीख बदले जाने के बयान को झूठ बताया। उन्होंने कहा कि कर्ण चौटाला उनके प्यारे और लाड़ले भाई हैं और उनकी इच्छा है कि वह राजनीति में उनसे भी आगे बढ़ें लेकिन दूसरे की लाइन काटकर नहीं बल्कि अपनी लाइन बढ़ाकर आगे बढ़ें।
Leave A Reply

Your email address will not be published.