Haryana Rajya Sabha Election Live: हरियाणा राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू; INLD का बहिष्कार, कांग्रेस विधायकों की चंडीगढ़ वापसी और ‘ऑपरेशन क्लीन’ का डर
हरियाणा की 2 राज्यसभा सीटों के लिए आज विधानसभा में मतदान। बीजेपी के संजय भाटिया, कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध और निर्दलीय सतीश नांदल के बीच मुकाबला। इनेलो ने वोटिंग से बनाई दूरी, वहीं कांग्रेस में 'ऑपरेशन क्लीन' के डर के बीच विधायकों की शिमला से वापसी। शाम 5 बजे आएंगे नतीजे।
चंडीगढ़ : हरियाणा की 2 राज्यसभा सीटों के लिए आज वोटिंग होगी, शाम को ही रिजल्ट आएगा। इस चुनाव में इंडियन नैशनल लोकदल आज पत्ते खोलेगी। हालांकि पार्टी सूत्रों की मानें तो शीर्ष नेतृत्व ने पॉलिटिकल अफेयर मीटिंग में वोटिंग से दूर रहने का फैसला किया है। वहीं क्रॉस वोटिंग के डर से हिमाचल में शिफ्ट हुए कांग्रेस के विधायक सीधे चंडीगढ़ पहुंचेंगे। रविवार दोपहर बाद कांग्रेस विधायकों को कुफरी से कसौली शिफ्ट किया गया।
भाजपा के सभी विधायक चंडीगढ़ में ही मौजूद हैं। वोटिंग सुबह 9 बजे से विधानसभा परिसर में शुरू होगी। शाम 4 बजे तक ही विधायकों के लिए वोट डालने का समय रखा गया है। 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी। इसके बाद रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। चुनाव में भाजपा की ओर से संजय भाटिया, कांग्रेस से कर्मवीर बौद्ध को उम्मीदवार बनाया गया है। इन 2 सीटों के लिए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल ने भी निर्दलीय के रूप में नामांकन किया है।
कांग्रेस आलाकमान का सख्त संदेश-क्रॉस वोटिंग पर होगा ‘ऑप्रेशन क्लीन’
कांग्रेस आलाकमान ने प्रदेश के अपने सभी विधायकों को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू और अन्य वरिष्ठ राष्ट्रीय नेताओं के माध्यम से सख्त संदेश पहुंचाया है कि राज्यसभा चुनाव में यदि किसी भी विधायक की वोट तकनीकी कारणों से रद्द होती है या क्रॉस वोटिंग की स्थिति बनती है तो इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा। ऐसी स्थिति में हरियाणा के बड़े नेता जिम्मेदार होंगे जिन्हें “ऑप्रेशन क्लीन” जैसी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। इसका अर्थ यह माना जा रहा है कि संगठनात्मक फेरबदल, जिम्मेदारियों में बदलाव या अनुशासनात्मक कार्रवाई से भी परहेज नहीं किया जाएगा।
भाजपा-कांग्रेस और निर्दलीय की यह है तैयारी
भाजपा
कांग्रेस की तरह भाजपा भी क्रॉस वोटिंग और वोट कैंसिल को लेकर डरी हुई है। यही वजह है कि पार्टी की ओर से सभी 47 विधायकों (अनिल विज को छोड़कर) को चंडीगढ़ में ही एक फाइव स्टार होटल में 2 दिन ट्रेनिंग दी गई है। वोटिंग के दिन सभी विधायक सुबह 10 बजे के करीब पहुंचना शुरू होंगे। सी.एम. नायब सैनी भी उनके साथ रहेंगे।
कांग्रेस
पहले के चुनाव की तरह इस बार भी कांग्रेस क्रॉस वोटिंग को लेकर डरी हुई है। यही वजह है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने अपने सभी विधायकों को हिमाचल प्रदेश में शिफ्ट कर दिया है। वहां 2 दिन सभी विधायकों को वोट डालने की ट्रेनिंग दी गई। वहीं कांग्रेस के जो 6 विधायक हिमाचल नहीं गए वे सभी देर रात चंडीगढ़ पहुंच गए हैं।
निर्दलीय व इनैलो
निर्दलीय प्रत्याशी नांदल का 3 निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान, सावित्री जिंदल और राजेश जून समर्थन कर रहे हैं। इन विधायकों द्वारा दावा किया जा रहा है कि इनके संपर्क में कांग्रेस के 10 विधायक हैं। नांदल ने यह भी दावा किया है कि 17 कांग्रेस व अन्य विधायक भाजपा को भी समर्थन कर रहे हैं। वहीं इनैलो के 2 ही विधायक हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो इनैलो इस चुनाव में वोटिंग का बहिष्कार करेगी।