Haryana Weather Update: हरियाणा में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, औसत से 7.5°C ऊपर पहुंचा पारा; 14 मार्च से बारिश और तेज हवाओं के आसार

हरियाणा में मार्च के दूसरे सप्ताह में ही तापमान 37.5°C के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 14 मार्च से फतेहाबाद, हिसार और भिवानी सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। जानें आपके शहर में मौसम का क्या रहेगा हाल।

हरियाणा : हरियाणा में मार्च के दूसरे सप्ताह से दिन का तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे दोपहर में गर्म हवाएं चल रही हैं। प्रदेश के 6 जिलों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। यह औसत अधिकतम तापमान से 7.5°C ज्यादा है। दूसरी ओर राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.6°C की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद यह सामान्य से करीब 5.1°C अधिक बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक मार्च में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री के बीच होना चाहिए। मगर अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

मौसम में 14 मार्च से बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं। 15 मार्च को मौसम की यह गतिविधि प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल और पानीपत की ओर बढ़ सकती है। बारिश होने से बढ़ती गर्मी से थोड़ी बहुत राहत मिल सकती है। बुधवार को हरियाणा में नारनौल सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5°C दर्ज किया गया। वहीं सोनीपत में सबसे कम 14.4°C दर्ज किया गया। आज और कल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.