Hisar: दहेज की कुरीति पर बॉक्सर नवीन बूरा का ‘नॉक-आउट पंच’, बिना दहेज के लेंगे सात फेरे

खेल के मैदान में पदकों की झड़ी लगाने वाले और सरहद पर देश की रक्षा करने वाले हिसार के बेटे नवीन बूरा अब अपनी जिंदगी की सबसे महत्वपूर्ण 'बाउट' यानी विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं।

हिसार: खेल के मैदान में पदकों की झड़ी लगाने वाले और सरहद पर देश की रक्षा करने वाले हिसार के बेटे नवीन बूरा अब अपनी जिंदगी की सबसे महत्वपूर्ण ‘बाउट’ यानी विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। लेकिन यह शादी आम शादियों जैसी नहीं होगी। अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर नवीन बूरा ने फैसला किया है कि वे बिना दहेज के सात फेरे लेंगे।

 

19 फरवरी को होने जा रही इस शादी के जरिए बूरा परिवार समाज को एक कड़ा संदेश देने जा रहा है कि बेटियां ही असली धन हैं, दहेज नहीं। नवीन के पिता जयबीर बूरा का मानना है कि विवाह दो आत्माओं का मिलन है, न कि धन-दौलत के लेन-देन का बाजार। उनके परिवार में दहेज-रहित विवाह की पुरानी परंपरा है, जिसे अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर बेटा अब आगे बढ़ाने जा रहा है। समाज में फैली दहेज जैसी कुरीति के खिलाफ नवीन का यह कदम किसी ‘नॉक-आउट पंच’ से कम नहीं है।

 

गोल्ड मेडलिस्ट है नवीन बूरा
बात अगर नवीन की उपलब्धियों की करें, तो 71 किलोग्राम भार वर्ग में नवीन बूरा एक जाना-माना नाम हैं। वे अब तक 7 बार हरियाणा स्टेट चैंपियन रह चुके हैं। 2012 में सब-जूनियर नेशनल में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी चमक बिखेरने वाले नवीन ने 2015 में ऑल इंडिया इंटर साई टूर्नामेंट में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं से लेकर अंतरराष्ट्रीय रिंग तक नवीन का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है।

 

ब्लेसिंग रिसॉर्ट्स में होगी शादी
शादी का कार्यक्रम हिसार के कैमरी रोड स्थित ब्लेसिंग रिसॉर्ट्स में होगा। 18 फरवरी को महिला संगीत और 19 फरवरी को घुड़चढ़ी व बारात का कार्यक्रम तय किया गया है। देश के लिए जान लड़ाने वाला यह फौजी और बॉक्सर अब समाज को कुरीतियों से लड़ने की नई राह दिखा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.