HPSC HCS Recruitment 2026: हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा का शेड्यूल जारी, जानें एग्जाम डेट और पदों का विवरण

हरियाणा लोक सेवा आयोग ने HCS के 102 पदों के लिए परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। 26 अप्रैल को होगी प्रारंभिक परीक्षा। पूरी एग्जाम डेट्स और कैटेगरी-वाइज पदों का विवरण यहाँ देखें।

चंडीगढ़: हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) की कार्यकारी शाखा और संबंध सेवाओं के 102 पदों के लिए 26 अप्रैल को प्रारंभिक परीक्षा होगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थियों के लिए 27 से 29 जून तक मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा के बाद अगस्त-सितंबर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।

हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) ने प्रारंभिक परीक्षा, लिखित परीक्षा और साक्षात्कार का शेड्यूल जारी कर दिया है।

हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस, कार्यकारी शाखा) के 24, उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के आठ, उत्पाद शुल्क एवं कराधान अधिकारी (ईटीओ) के 27, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) के दो, सहायक रजिस्ट्रार सहकारी समितियां (एआरसीएस) के तीन, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी (डीएफएसओ) के एक और सहायक उत्पाद शुल्क एवं कराधान अधिकारी(एईटीओ) के 22 पदों पर यह भर्तियां की जानी हैं। इसके अलावा यातायात प्रबंधक (टीएम) के सात, प्रथम श्रेणी तहसीलदार के तीन, प्रथम श्रेणी नायब तहसीलदार के पांच पदों पर भर्ती होगी।

कुल 102 पदों में से सामान्य वर्ग के लिए 46 पद रखे गए हैं, जबकि अनुसूचित जाति के लिए 23 पद (डीएससी व ओएससी), पिछड़ा वर्ग (बीसी-ए व बीसी-बी के लिए 22 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 11 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा पूर्व सैनिकों (ईएसएम) के पांच पद और दिव्यांग श्रेणी के सात पद हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.